कार्मिक राज्यमंत्री जितेंद्र सिंह ने राज्यसभा में बताया कि विभिन्न मंत्रालयों और विभागों में स्वीकृत पदों की संख्या 40,35,203 है जिनमें से 9,79,327 पद अभी खाली पड़े हैं। मंत्री ने यह जानकारी राज्यसभा में एक लिखित जवाब में दी।
उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों और विभागों के अंतर्गत स्वीकृत पदों की कुल संख्या 40,35,203 है जबकि इनमें पदस्थ कर्मियों की संख्या 30,55,876 है। उन्होंने आगे कहा कि, ‘‘केंद्र सरकार के मंत्रालयों और विभागों में 9,79,327 पद रिक्त पड़े हैं।’’
ST-SC के बारे में मंत्री ने क्या कहा?
हालांकि केंद्रीय मंत्री से जब यह पूछा गया कि इनमें अनसुचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं अन्य पिछड़ा के वर्ग के लोगों के लिए आरक्षित पद रिक्त हैं तो उन्होंने कहा कि बैकलॉग आरक्षित रिक्तियों सहित रिक्तियों को भरने की प्रक्रिया है। उन्होंने कहा, ‘‘जहां एक पद दो या तीन वर्ष से अधिक रिक्त रहता है तो उस पद को व्यय विभाग के 12 अप्रैल 2017 के एक आदेश के अनुसार समाप्त माना जाता है।’’ सिंह ने कहा कि हालांकि कार्यात्मक औचित्य के आधार पर इन पदों को पुन: बहाल किया जा सकता है।
पदों को भरने के संबंध में अनुदेश जारी
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के सभी मंत्रालयों और विभागों को बैकलॉग आरक्षित रिक्तियों को चिह्नित करने, ऐसी रिक्तियों के मूल कारण का अध्ययन करने, ऐसी रिक्तियों के कारकों को हटाने के लिए उपाय करने और विशेष भर्ती अभियान के माध्यम से उन्हें भरने के लिए आंतरिक समिति का गठन करने के संबंध में अनुदेश जारी किए गए हैं। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार के सभी मंत्रालयों ओर विभागों में रिक्त पदों को समयबद्ध तरीके से भरने के लिए ‘‘मिशन मोड’’ में कार्रवाई करने के लिए कहा गया है।
गौरतलब है कि सड़कों पर हजारों छात्र बेरोजगार हैं, रोजगार की तलाश में भटक रहे हैं फिर भी खाली पदों पर भर्तियां नहीं हो पा रही हैं। बता दें, विभिन्न मंत्रालयों और विभागों के अंतर्गत स्वीकृत पदों की कुल संख्या 40,35,203 है जबकि इनमें पदस्थ कर्मियों की संख्या 30,55,876 है। वहीं सरकार के मंत्रालयों और विभागों में 9,79,327 पद खाली पड़े हैं।


Download Android App
Download iOS App



