‘हम तो आपकी विरासत को ढो रहे हैं’, अल्पसंख्यक मंत्रालय ‘बंद करने’ के कांग्रेस सांसद के तंज पर नकवी का पलटवार

Summary :

कांग्रेस सांसद के बयान पर अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने तीखा पटलवार करते हुए कहा कि अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय मोदी सरकार ने नहीं बनाया है। हम तो आपकी विरासत को ढो रहे हैं।

कांग्रेस सांसद मोहम्मद जावेद ने अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय के बजट को लेकर केंद्र सरकार पर कटाक्ष करते हुए लोकसभा में कहा कि इस मंत्रालय को बंद क्यों नहीं कर देते। इसके जवाब में अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने तीखा पटलवार किया। उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय मोदी सरकार ने नहीं बनाया है। हम तो आपकी विरासत को ढो रहे हैं।
बिहार के किशनगंज से लोकसभा सदस्य जावेद ने प्रश्नकाल के दौरान अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय से संबंधित पूरक प्रश्न पूछने के दौरान सरकार पर निशाना साधा।  उन्होंने कहा, ‘‘कल सदन में महुआ मोइत्रा (तृणमूल सांसद) ने कहा था कि 10 हजार करोड़ रुपये के बजट वाले नागर विमानन मंत्रालय को बंद क्यों नहीं कर दिया जाए? मैं आज यह कहना चाहता हूं कि अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय का बजट पांच हजार करोड़ रुपये है, जबकि देश का बजट 22 लाख करोड़ रुपये का है, ऐसे में यह अल्पसंख्यक कार्य विभाग बंद क्यों नहीं कर देते?’’ 

प्रधानमंत्री मोदी ने की सरकारी खरीद पोर्टल ‘गवर्नमेंट ई-मार्केटप्लेस’ की तारीफ 

जावेद ने आरोप लगाया कि सरकार अल्पसंख्यकों के बारे में सिर्फ बोलती है, करती कुछ नहीं है। इस दौरान लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने हस्तक्षेप करते हुए कहा कि कोई भी योजना होती है तो बजट तो सबके काम आता है…‘‘हम सदन में सभी जाति धर्म विकास की बात करें, लेकिन विषय का ध्यान रखें।’’ 
जावेद की बात का जवाब देते हुए नकवी ने कहा, ‘‘अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय मोदी सरकार ने नहीं बनाया है। हम तो आपकी विरासत को ढो रहे हैं। आपने सदन के पटल पर अच्छा सुझाव दिया है…लेकिन यह आपका अपना सुझाव है, आपको मुबारक हो।’’ द्रमुक सांसद ए राजा के पूरक प्रश्न के उत्तर में नकवी ने कहा, ‘‘पहले अल्पसंख्यकों का तुष्टीकरण होता था, लेकिन विकास नहीं होता था। हमने अल्पसंख्यकों के विकास को देश के विकास के साथ जोड़ा है…यूपीएससी के नतीजे देख लीजिए तो पता चल जाएगा कि हमने क्या प्रयास किए हैं।’’

Desk Team