भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे पी नड्डा ने राजधानी दिल्ली में नौ साल की दलित बच्ची की कथित तौर पर दुष्कर्म के बाद हत्या किए जाने की घटना पर राजनीति करने के लिए पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को आड़े हाथों लिया और कहा कि यह उनकी ‘‘ओछी’’ राजनीति का जीता जागता प्रमाण है।
केरल के कोझिकोड में पार्टी के जिला कार्यालय का उद्घाटन करने के बाद नड्डा ने अपने संबोधन में कहा कि दिल्ली में एक बच्ची के साथ पिछले दिनों जो आमनवीय कृत्य हुआ, उसकी जितनी निंदा की जाए वह कम है, लेकिन इसका राजनीतिकरण नहीं करना चाहिए था। उन्होंने कहा, ‘‘हम सब लोग जानते हैं कि बिना परिवार के इजाजत के उनकी तस्वीर सार्वजनिक करना और बाद में झूठ बोलना…आज जब पीड़िता की मां न सब कुछ सार्वजनिक कर दिया है तो यह उनकी (राहुल गांधी) ओछी राजनीति का जीता जागता प्रमाण है।’’
जेपी नड्डा ने कहा कि केरल में कोविड के औसतन 20,000 मामले आ रहे हैं और पूछा कि केरल के जिस कोविड प्रबंधन के बारे में इतनी चर्चा हुई, वह कहां गया? उन्होंने कहा कि राहुल गांधी केरल में राजनीतिक पर्यटन पर हैं। बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी नेशनल हाईवे को बढ़ाने के इच्छुक हैं परन्तु केरल सरकार ज़मीन देने की इच्छुक नहीं है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार केरल की सहायता करना चाहती है। केंद्र सरकार चाहती है कि केरल मुख्यधारा में आगे आए। परन्तु राज्य में वर्तमान सरकार विकास के रास्ते में बाधा बन रही है। क़ानून नाम की चीज़ नहीं है। महिलाओं को, बच्चों को लक्ष्य बनाया जाता है। पुलिस मूकदर्शक बन गई है। उन्होंने कहा कि इस कोविड महामारी में राज्य सरकार को जो भूमिका निभानी चाहिए केरल में वो नहीं किया गया। केरल की जनसंख्या 3.58 करोड़ है और यहां 38 लाख कोविड मामले सामने आ चुके हैं जबकि उत्तर प्रदेश में 22.9 करोड़ जनसंख्या पर 17 लाख कोविड मामले सामने आए हैं।


Download Android App
Download iOS App



