नकवी का विपक्ष पर वार- टीकाकरण को लेकर भ्रम फैलाने वाले ‘बकवास बहादुरों’ से रहना होगा सावधान

Summary :

केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने शुक्रवार को कहा कि कुछ राजनीतिक दल कोरोना रोधी टीकाकरण को लेकर भ्रम फैला रहे हैं और ऐसे समय में ‘बकवास बहादुरों’ से सावधान रहने की जरूरत है।

केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने शुक्रवार को कहा कि कुछ राजनीतिक दल कोरोना रोधी टीकाकरण को लेकर भ्रम फैला रहे हैं और ऐसे समय में ‘बकवास बहादुरों’ से सावधान रहने की जरूरत है। नकवी के कार्यालय की ओर से जारी बयान के मुताबिक, अल्पसंख्यक कार्य मंत्री ने उत्तर प्रदेश के रामपुर के अपने दौरे पर भाजपा कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए यह टिप्पणी की।
नकवी ने रामपुर के विभिन्न क्षेत्रों में चल रहे कोरोना टीकाकरण अभियान की समीक्षा की एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (चमरौवा, रामपुर) में 18 वर्ष से अधिक आयु के लोगों के लिए कोरोना टीकाकरण केंद्र का औपचारिक उद्घाटन किया। उन्होंने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘कुछ राजनीतिक दल ‘राष्ट्रीय आपदा’ में भी, ‘राजनैतिक अवसर’ की तलाश कर रहे हैं। ये लोग ‘संकट के समाधान का हिस्सा’ बनने के बजाय ‘सियासी व्यवधान का किस्सा’ गढ़ने में लगे हुए हैं।’’
भाजपा नेता ने कहा कि ऐसे ‘बकवास बहादुरों’ से सावधान रहने की जरूरत है। नकवी ने कोरोना के खिलाफ नरेंद्र मोदी सरकार के प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा, ‘‘औसतन 20 लाख से ज्यादा लोगों की प्रतिदिन कोरोना की जांच हो रही है।आज दो ‘मेड इन इंडिया’ टीके उपलब्ध हैं। अभी तक 22 करोड़ से ज्यादा लोगों का टीकाकरण किया जा चुका है।’’

Desk Team