अन्नाद्रमुक के शीर्ष नेता के पलानीस्वामी ने शुक्रवार को कहा कि वीके शशिकला और उनके परिवार को लेकर पार्टी का रुख स्पष्ट है। उनके लिए पार्टी में कोई जगह नहीं है। इसके साथ ही उन्होंने इस मुद्दे पर पार्टी के संयोजक ओ पनीरसेल्वम से मतभेद होने के दावों का भी खंडन किया। पार्टी के सह संयोजक पलानीस्वामी ने ऑडियो क्लीप (जिसमे शशिकला ने संकेत दिया है कि वह अन्नाद्रमुक पर नियंत्रण की कोशिश करेंगी) जारी कर ‘भ्रम पैदा’ करने की कथित कोशिश को खारिज करते हुए कहा कि इस तरह की कोशिशें कभी सफल नहीं होंगी।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि उनका पार्टी सहयोगी ओ पनीरसेल्वम से कोई मतभेद नहीं है। पार्टी मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए पलानीस्वामी ने कहा, ‘‘शशिकला अन्नाद्रमुक की सदस्य नहीं हैं और उनका पार्टी से कोई संबंध नहीं है। मैंने खुद और अन्नाद्रमुक के उप संयोजक केपी मुनुस्वामी ने पहले ही इसे स्पष्ट कर दिया है।’’
अन्नाद्रमुक नेता ने शशिकला की छह अप्रैल के चुनाव से पहले की गई घोषणा को भी याद किया जिसमें उन्होंने कहा था कि वह राजनीति से दूर रहेंगी। पलानीस्वामी ने कहा कि पार्टी नेताओं, पदाधिकारियों और सभी स्तर के कार्यकर्ताओं की एक राय है कि शशिकला और उनके परिवार के लिए अन्नाद्रमुक में कोई जगह नहीं है। गौरतलब है कि शशिकला दिवंगत मुख्यमंत्री और अन्नाद्रमुक नेता जे जयललिता की करीबी सहयोगी और सहेली हैं।


Download Android App
Download iOS App



