भारतीय जनता पार्टी के नेता और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी (Nitin Gadkari) ने गलत विस्तृत परियोजना रपट (डीपीआर) के लिए कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है। गडकरी ने बुधवार को कहा कि गुणवत्ता वाली बुनियादी ढांचा परियोजना रिपोर्ट बनाने के लिए परियोजना प्रबंधन सलाहकार जैसी प्रणाली की जरूरत है।
मंत्री ने बुनियादी ढांचा क्षेत्र की कंपनियों की क्रेडिट रेटिंग किसी स्वतंत्र एजेंसी से कराए जाने की वकालत की। गडकरी ने कहा, ‘‘हमें एक तेज निर्णय प्रक्रिया की जरूरत है, जिसमें पूरी पारदर्शिता हो, भ्रष्टाचार नहीं हो और कार्य गुणवत्ता वाला है…हमें इसके लिए परियोजना प्रबंधन सलाहकार की जरूरत है।
परियोजना प्रबंधन सलाहकार डीपीआर तैयार करेंगे।’’ उन्होंने कहा कि परियोजना प्रबंधन सलाहकार की जरूरत इसलिए महसूस हुई है कि गलत डीपीआर की वजह से राजमार्ग क्षेत्र को काफी नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि स्थल पर जाए बिना गलत डीपीआर तैयार करने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि इसके अलावा बुनियादी ढांचा कंपनियों की रेटिंग स्वतंत्र एजेंसियों से कराए जाने की जरूरत है। मंत्री ने कहा कि यदि रेटिंग की जाती है तो सिर्फ अच्छा काम करने वाली कंपनियां ही आगे आएंगी।
गडकरी ने कहा कि रणनीतिक स्थलों पर सुरंग बनाने पर एक लाख करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे उन्होंने बताया कि उनके मंत्रालय ने पिछले पांच साल में 17 लाख करोड़ रुपये के कार्य शुरू किए हैं। गडकरी ने कहा कि कंपनी चाहे छोटी हो बड़ी, जो भी सक्षम हो उसे अवसर दिया जाना चाहिए। उन्होंने बोली लगाने वाली कंपनियों के लिए तकनीकी और वित्तीय पात्रता मानकों को उदार किए जाने पर जोर दिया।


Download Android App
Download iOS App



