सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार मंत्री (Minister of Information Technology and Communications) अश्विनी वैष्णव ने रविवार को कहा कि नए आईटी नियम प्रयोगकर्ताओं को सशक्त कर रहे हैं और उन्हें संरक्षण प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि नए आईटी नियम देश में एक सुरक्षित और अधिक जिम्मेदार सोशल मीडिया पारिस्थितिकी तंत्र का निर्माण करेंगे।
वैष्णव ने ट्विटर की भारतीय प्रतिद्वंद्वी कू मंच पर पोस्ट में कहा, ‘‘अपने सहयोगी राजीव चंद्रशेखर जी के साथ सूचना प्रौद्योगिकी नियम, 2021 के क्रियान्वयन और अनुपालन की समीक्षा की। ये दिशानिर्देश प्रयोगकर्ताओं को सशक्त कर रहे हैं और साथ ही उन्हें संरक्षण प्रदान कर रहे हैं।
इससे देश में एक सुरक्षित और जिम्मेदारी सोशल मीडिया पारिस्थतिकी तंत्र का निर्माण हो सकेगा।’’नए नियम 25 मई से अस्तित्व में आए हैं। इनके तहत सोशल मीडिया कंपनियों के लिए प्रयोगकर्ताओं की शिकायतों के निपटान के लिए शिकायत समाधान प्रणाली स्थापित करना अनिवार्य है।
ऐसी सभी सोशल मीडिया कंपनियां जिनके प्रयोगकर्ताओं की संख्या 50 लाख से अधिक है, के लिए लिए शिकायत अधिकारी की नियुक्ति करना अनिवार्य है। इसके अलावा इन कंपनियों को मुख्य अनुपालन अधिकारी और नोडल संपर्क व्यक्ति की भी नियुक्ति करनी होगी। कुछ मीडिया कंपनियों ने नए आईटी नियमों को चुनौती दी है और यह मामला अभी अदालत में लंबित है।


Download Android App
Download iOS App



