NHAI ने बनाया ‘गिनीज’ विश्व रिकॉर्ड, इस देश को पीछे छोड़ते हुए 105.33 घंटे में बनाई 75 KM बिटुमिनस लेन

Summary :

महाराष्ट्र में अमरावती और अकोला के जिलों के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग पर 105 घंटे 33 मिनट में लगातार काम करके 75 किलोमीटर ‘बिटुमिनस लेन’ बनाकर ‘गिनीज’ विश्व रिकॉर्ड बनाया है।

एनएचएआई (भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण) ने महाराष्ट्र में अमरावती और अकोला के जिलों के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग पर 105 घंटे 33 मिनट में लगातार काम करके 75 किलोमीटर ‘बिटुमिनस लेन’ बनाकर ‘गिनीज’ विश्व रिकॉर्ड बनाया है। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने बुधवार को इस उपलब्धि के बारे में बताते हुए कहा कि, इस परियोजना को पूरा करने के लिए 720 मजदूरों और स्वतंत्र सलाहकारों के एक दल ने लगातार दिन-रात काम किया था।


पहले कतर के नाम था यह विश्व रिकॉर्ड

परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने एक वीडियो संदेश में कहा कि 75 किलोमीटर की एकल लेन बिटुमिनस कंक्रीट रोड की कुल लंबाई 37.5 किलोमीटर की दो-लेन वाली पक्की सड़क के बराबर है। इसे बनाने का काम तीन जून को सुबह 7 बजकर 27 मिनट पर शुरू किया गया था। यह सात जून को शाम पांच बजे बनकर तैयार हो गया।

परिवहन मंत्री ने कहा कि सबसे लंबे समय तक लगातार बिटुमिनस का पिछला गिनीज विश्व रिकॉर्ड 25.275 किलोमीटर सड़क निर्माण के लिए था, जो फरवरी, 2019 में दोहा, कतर में हासिल किया गया था। वह कार्य 10 दिन में पूरा किया गया था।

कर्मियों ने लगाए भारत माता की जय के नारे

अमरावती से अकोला खंड राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) 53 का हिस्सा है। यह एक महत्वपूर्ण गलियारा है, जो कोलकाता, रायपुर, नागपुर और सूरत जैसे प्रमुख शहरों को जोड़ता है।

बता दें कि, ‘गिनीज’ विश्व रिकॉर्ड बनाने के बाद वहां मौजूद कर्मियों ने ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाए।  

Desk Team