बरेली से मुंबई तक का सफर अब और आसान हो गया है। अब मुंबई सिर्फ दो घंटे में पहुंचा जा सकेगा। इंडिगो एयरलाइन की मुंबई के लिए पहली उड़ान आज यानी गुरुवार से शुरू हो गयी है। केंद्रीय नागर विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बरेली-मुंबई उड़ान को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस विमान सेवा का परिचालन क्षेत्रीय संपर्क योजना ‘उड़ान’ के तहत किया जाएगा। नागर विमानन राज्य मंत्री वी. के. सिंह और बरेली से सांसद संतोष गंगवार भी नयी दिल्ली से वीडियो कांफ्रेंस के जरिए इस मौके पर उपस्थित थे।
नागर विमानन मंत्रालय ने ट्विटर पर कहा, ‘‘बरेली हवाईअड्डे को उड़ान योजना के तहत वाणिज्यिक उड़ानों के परिचालन के लिए उन्नत किया गया है। लखनऊ, वाराणसी, गोरखपुर, कानपुर, हिंडन, आगरा और प्रयागराज के बाद बरेली उत्तर प्रदेश का आठवां हवाईअड्डा है।’’
मंत्रालय ने कहा कि उड़ान योजना के तहत उप्र में करीब 55 मार्गों पर विमान सेवाओं का संचालन शुरू किया गया है। बरेली-मुंबई उड़ान को रवाना करने के बाद सिंधिया ने ट्विटर पर कहा कि एलायंस एअर भी 26 अगस्त से बरेली-दिल्ली मार्ग पर उड़ानों का परिचालन शुरू करेगी।


Download Android App
Download iOS App



