देश में कोविड-19 से संक्रमितों की संख्या 18500 के पार, अब तक 600 के करीब लोगों ने गवाई जान

Summary :

स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी किए गए आंकड़े के अनुसार मंगलवार को भारत में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 18,601 तक पहुंच गई है वहीं अब तक 590 लोगों की मौत हो चुकी है।

विश्व के अधिकांश देशों में फैल चुके कोरोना वायरस (कोविड-19) का प्रकोप भारत में भी लगातार जारी है। कोरोना के कहर को कम करने के लिए हर एहतियात कदम बरते जा रहे है लेकिन संक्रमितों का आंकड़ा कम होने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार तक भारत में कोरोना संक्रमितों की संख्या 18,500 को पार कर  चुकी है।
स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी किए गए आंकड़े के अनुसार मंगलवार को भारत में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 18,601 तक पहुंच गई है वहीं अब तक 590 लोगों की मौत हो चुकी है। देश में पिछले 24 घंटे में संक्रमण के 1336 और मौत के  47 नए मामले सामने आए हैं।
स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी किए गए आंकड़े के मुताबिक 18,601 मामलों में 14759 कोरोना के सक्रिय केस हैं और 3252 ऐसे मरीज हैं जिन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। सोमवार की तुलना में संक्रमितों की संख्या में मंगलवार को कमी आयी है जबकि  मृतकों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। स्वास्थ्य मंत्रालय की जारी रिपोर्ट के मुताबिक कोरोना वायरस का प्रकोप देश के 32 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में फैल चुका है।
कोरोना से सबसे गंभीर रूप से प्रभावित महाराष्ट्र में संक्रमितों की संख्या में एक दिन में 463 की वृद्धि दर्ज की गयी और कुल आंकड़ा 4,666 पर पहुंच चुकी है। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में नौ और लोगों की मौत के बाद इस महामारी से मरने वालों की संख्या बढ़कर 232 हो गयी है। राज्य में 572 संक्रमित मरीज ठीक हो चुके हैं।
संक्रमितों की संख्या के मामले में दूसरे स्थान पर देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली है जहां पिछले 24 घंटों में 78 नए मामले दर्ज किए जाने के कारण अब तक कुल 2,081 लोग इस महामारी से संक्रमित हुए हैं तथा इस दौरान दो और लोगों की मौत के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 47 हो गई है। राजधानी में कुल 431 मरीजों को उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। इसके बाद गुजरात में संक्रमितों की संख्या में वृद्धि देखी गयी और यह 196 नये मरीजों के साथ 1,939 हो गयी तथा आठ और लोगों की मौत के बाद मृतकों की संख्या 71 पर पहुंच गयी है।

राष्ट्रपति भवन में सफाई करने वाले की बहू कोरोना पॉजिटिव,125 परिवार क्वारनटीन

वही राजस्थान में पिछले 24 घंटों के दौरान 98 नये मामले सामने आये है और इनका आंकड़ बढ़कर 1,576 हो गया। राज्य में संक्रमण से 11 और लोगों की मौत के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 25 हो गयी है। तमिलनाडु में 43 नये संक्रमित सामने आये है और संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 1,520 हो गई हैं तथा राज्य में संक्रमण से मरने वालों की संख्या दो बढ़कर 17 हो गयी। मध्य प्रदेश में पिछले 24 घंटों में संक्रमण के 78 नये मामले सामने आये जिससे संक्रमितों की संख्या 1,485 हो गयी तथा मरने वालों की संख्या चार बढ़कर 74 हो गयी।
उत्तर प्रदेश में संक्रमण के 100 नये मामले सामने आने के बाद कुल संक्रमितों की संख्या 1,184 हो गई है तथा इस दौरान एक व्यक्ति की मौत के बाद मृतकों की संख्या 18 हो गयी है। तेलंगाना में इस दौरान 29 नये मामले सामने आये और संक्रमितों की कुल संख्या 873 हो गयी। राज्य में इस संक्रमण से पिछले 24 घंटों में पांच लोगों की मौत हो गयी जिससे मरने वालों की कुल संख्या 23 हो गयी। केरल में 408 लोग संक्रमित हुए हैं और तीन लोगों की मौत हुई है।
दक्षिण भारतीय राज्य आंध्र प्रदेश में 722 और कर्नाटक में 408 लोग संक्रमित हैं तथा इन राज्यों में क्रमश: 20 और 16 लोगों की मौत हुई है। केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में संक्रमितों की संख्या 368 है और पांच लोगों की मौत हुई है। इसके अलावा पंजाब में 16, पश्चिम बंगाल में 12, हरियाणा में तीन, झारखंड और बिहार में दो-दो तथा मेघालय, ओडिशा, हिमाचल प्रदेश और असम में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई है।
बता दें कि कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के लिए केंद्र सरकार के तरफ से 3 मई तक देशव्यापी लॉकडाउन जारी है। इस वायरस से निपटने के लिए केंद्र एवं राज्य सरकारें तमाम हथकंडे अपना रही है। देशभर में कोरोना वायरस के सबसे ज्यादा संक्रमण वाले इलाकों में आवाजाही पर बंदिशों के साथ लोगों के लिए मास्क पहनना जरूरी कर दिया गया है। इसके अलावा सोशल डिस्टैन्सिंग का पालन करना भी अनिवार्य कर दिया गया है। 

Desk Team