पेगासस जासूसी का मुद्दा गंभीर, PM मोदी और शाह की हाजिरी में हो संसद में चर्चा: खड़गे

Summary :

कांग्रेस के कद्दावर नेता और राज्यसभा में विपक्ष के मुखिया मल्लिकार्जुन खड़गे ने पेगासस जासूसी कांड पर कहा कि यह मुद्दा बहुत संवेदनशील है, इसलिए इस पर संसद में चर्चा होनी चाहिए।

कांग्रेस के कद्दावर नेता और राज्यसभा में विपक्ष के मुखिया मल्लिकार्जुन खड़गे ने पेगासस जासूसी कांड पर केंद्र की मोदी सरकार को जमकर लताड़ा और कहा कि यह मुद्दा बहुत संवेदनशील है, इसलिए इस पर संसद में चर्चा होनी चाहिए। खड़गे ने   कहा  कि यह मामला देश की सुरक्षा से जुड़ा है, ऐसे में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह की हाजिरी में इस पर गंभीर बहस होनी बहुत जरूरी है। 
खड़गे ने कहा कि यह बहुत गंभीर मुद्दा है और इसकी जांच होनी चाहिए लेकिन् उससे पहले इस पर संसद में चर्चा जरूरी है। इस बारे में उन्होंने पहले सभापति तथा बाद में उपसभापति से नियम 167 के तहत बहस कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि सरकार को संसद में प्रश्नकाल, शून्य काल तथा अन्य सभी कार्यवाही को स्थगित कर इस मुद्दे पर बहस करानी चाहिए।
खड़गे ने कहा कि इस पूरे प्रकरण की उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीश की निगरानी में जांच होनी चाहिए और प्रधानमंत्री तथा गृह मंत्री को इस बारे चचार् के दौरान संसद में मौजूद रहना चाहिए। बता दें कि इसराइल की साइबर सुरक्षा कंपनी एनएसओ द्वारा तैयार पेगासस स्पाईवेयर भारत में इन दिनों खूब चर्चा में हैं। दरअसल भारत में इसके जरिए कई पत्रकारों और चर्चित हस्तियों के फ़ोन की जासूसी करने का दावा किया जा रहा है।
गौरतलब है कि, पेगासस को लेकर मचे हंगामे के बीच पेगासस स्पाईवेयर को तैयार करने वाली इसराइल की साइबर सुरक्षा कंपनी एनएसओ ने सफाई दी है। एएनआई के सवालों का जवाब देते हुए एनएसओ ने कहा है कि ये एक अंतर्राष्ट्रीय साजिश है।

Desk Team