केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल अगले सप्ताह छह दिन की अमेरिका यात्रा पर जाएंगे। वहां वह अपने समकक्षों के साथ द्विपक्षीय बैठकें करेंगे। इन बैठकों में दोनों देशों के व्यापार और निवेश संबंधों को बढ़ावा देने के उपायों पर चर्चा होगी।एक अधिकारी ने यह जानकारी देते हुए कहा कि गोयल पांच सितंबर को अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को और लॉस एंजिल्स के छह दिन की यात्रा पर जायेंगे।
IPEF सदस्यों देशों के समकक्षों के साथ भी करेंगे बैठक
अधिकारी ने बताया कि यात्रा के दौरान गोयल आठ और नौ सितंबर को लॉस एंजिल्स में हिंद-प्रशांत आर्थिक समृद्धि की रूपरेखा (आईपीईएफ) की दो दिन की मंत्रिस्तरीय बैठक में भाग लेंगे।वह आईपीईएफ की मंत्रिस्तरीय बैठक से इतर अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि कैथरीन ताई और अमेरिका की वाणिज्य मंत्री गिना एम रायमोंडो से भी मुलाकात करेंगे।
मंत्रिस्तरीय बैठक में व्यापार, आपूर्ति श्रृंखला, स्वच्छ अर्थव्यवस्था और सही तरीके से परिचालन करने वाली अर्थव्यवस्था से संबंधित चार स्तंभों पर चर्चा की जायेगी।अधिकारी के अनुसार, गोयल इस दौरान आईपीईएफ के सदस्यों देशों के समकक्षों के साथ भी द्विपक्षीय बैठक करेंगे।आईपीईएफ के 14 सदस्य देशों में….ऑस्ट्रेलिया, ब्रुनेई, फिजी, भारत, इंडोनेशिया, जापान, दक्षिण कोरिया, मलेशिया, न्यूजीलैंड, फिलीपीन, सिंगापुर, थाइलैंड, वियतनाम और अमेरिका शामिल हैं।


Download Android App
Download iOS App



