प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज राजधानी दिल्ली के करियप्पा ग्राउंड में आयोजित राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) की रैली को सम्बोधित किया। इस दौरान प्रधानमंत्री का लुक चर्चा का केंद्र बन गया। गहरे हरे रंग की पगड़ी और काला चश्मा लगाए प्रधानमंत्री एक अलग ही अंदाज में नजर आए। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने गार्ड ऑफ ऑनर का निरीक्षण और मार्च पास्ट की समीक्षा की।
एनसीसी में भी ज्यादा से ज्यादा शामिल हों बेटियां
रैली को सम्बोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि इस समय देश अपनी आज़ादी का अमृत महोत्सव मना रहा है। और जब एक युवा देश, इस तरह के किसी ऐतिहासिक अवसर का साक्षी बनता है, तो उसके उत्सव में एक अलग ही उत्साह दिखता है। यही उत्साह मैं अभी करियप्पा ग्राउंड में देख रहा हूं।

उन्होंने कहा, मुझे गर्व है कि मैं भी कभी आपकी तरह ही एनसीसी का सक्रिय कैडेट रहा हूँ। मुझे एनसीसी में जो ट्रेनिंग मिली, जो जानने सीखने को मिला, आज देश के प्रति अपनी ज़िम्मेदारियों के निर्वहन में मुझे उससे असीम ताकत मिलती है।
प्रधानमंत्री ने कहा, अब देश की बेटियाँ सैनिक स्कूलों में एड्मिशन ले रही हैं। सेना में महिलाओं को बड़ी जिम्मेदारियाँ मिल रही हैं। एयरफोर्स में देश की बेटियाँ फाइटर प्लेन उड़ा रही हैं। ऐसे में हमारा प्रयास होना चाहिए कि एनसीसी में भी ज्यादा से ज्यादा बेटियाँ शामिल हों।
गणतंत्र दिवस समारोह के अंतर्गत दिल्ली के करियप्पा परेड ग्राउंड में हर साल 28 जनवरी को एनसीसी कैडेट्स द्वारा यह कार्यक्रम आयोजित कियाा जाता है। देश के 17 प्रदेश महानिदेशालयों एवं केंद्र शासित प्रदेशों से 380 लड़कियों एवं 500 सहायक स्टाफ सदस्यों समेत लगभग 1000 कैडेट्स ने करियप्पा ग्राउंड स्थित एनसीसी कैम्प में भाग लिया। इसका समापन आज रैली के साथ होगा।


Download Android App
Download iOS App



