PM मोदी ने स्वतंत्रता दिवस पर भाषण के लिए मांगे सुझाव, बोले- ‘लाल किले की प्राचीर से गूंजेंगे आपके विचार’

Summary :

15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने भाषण के लिए शुक्रवार को नागरिकों से सुझाव मांगे और कहा कि उनके विचार लाल किले की प्राचीर से गूंजेंगे।

15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने भाषण के लिए शुक्रवार को नागरिकों से सुझाव मांगे और कहा कि उनके विचार लाल किले की प्राचीर से गूंजेंगे। एक ट्वीट में प्रधानमंत्री ने जनता से कहा कि वह नागरिकों के मंच ‘‘मायगव’’ पर अपने सुझाव भेज सकते हैं। ‘‘मायगव’’ पोर्टल के अनुसार प्रधानमंत्री स्वतंत्रता दिवस पर अपने भाषण के जरिए सरकार के कार्यक्रमों और नीतियों को जनता के सामने रखते हैं। 

प्रधानमंत्री पिछले कुछ वर्षों से इसके लिए सीधे जनता से सुझाव मांगते रहे हैं। इसमें कहा गया है, ‘‘इस वर्ष भी प्रधानमंत्री नये भारत के लिए लोगों से उनके मूल्यवान सुझाव आमंत्रित कर रहे हैं। अब आपके पास मौका है कि अपने विचारों को सामने रखें और अपने सुझाव दें। प्रधानमंत्री मोदी इनमें से कुछ विचारों को अपने स्वतंत्रता दिवस के भाषण में शामिल करेंगे।’’ 
बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ट्वीट करने के 10 मिनट के अंदर ही लगभग 700 लोगों ने ट्वीट को लाइक किया और कई लोगों ने भाषण के लिए सुझाव भी दिए। पिछले साल भी प्रधानमंत्री मोदी ने इसी तरह ट्विटर पर लोगों से उनके विचार जाने थे और सुझाव मांगे थे।

Desk Team