प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 20 जून, 2023 को अपनी 6 दिन की आधिकारिक विदेश यात्रा पर रवाना हो चुके हैं | 24 जून तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अमेरिका में रहेंगे, इसके बाद 24 जून को ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मिस्त्र के लिए रवाना हो जाएंगे | विदेश मंत्रालय के अनुसार पीएम मोदी मिस्र के राष्ट्रपति अब्दुल फतेह अल सीसी के बुलावे पर काहिरा जाएंगे | यहां वे मिस्र के राष्ट्रपति अब्दुल फतेह अल सीसी से मुलाकात करेंगे | आपको बता दें कि हाल ही में श्रीनगर में जी-20 के वर्किंग ग्रुप की बैठक हुई थी। इसमें पाकिस्तान के कहने पर चीन, तुर्की और सऊदी अरब के साथ-साथ मिस्र ने भी हिस्सा नहीं लिया था। ऐसे में पीएम मोदी का मिस्र दौरा काफी अहम हो गया है।
मिस्त्र का दौरा आखिर क्यों है अहम?
तो आपकी जानकारी के लिए बता दें कि भारत ने इस साल मिस्र के राष्ट्रपति अल सीसी को गणतंत्र दिवस परेड के लिए मुख्य अतिथि के तौर पर बुलाया था। ये उनका तीसरा भारत दौरा था। इससे पहले वो भारत-अफ्रीका सम्मेलन के लिए अक्तूबर 2015 में और द्विपक्षीय यात्रा पर 2016 में भारत आए थे। हालांकि, भारत को तब झटका लगा जब हाल ही में जी-20 की श्रीनगर में आयोजित बैठक मिस्र के प्रतिनिधि ने शिरकत नहीं की। कहा जाता है कि पाकिस्तान के कहने पर मिस्र इस बैठक में शामिल नहीं हुआ।
बता दें कि मिस्र की स्थिति रणनीतिक तौर पर अहम है। 1955 में भारत और मिस्र ने मित्रता संधि पर हस्ताक्षर किया था। वर्ष 1961 में भारत और मिस्र ने यूगोस्लाविया, इंडोनेशिया एवं घाना के साथ गुटनिरपेक्ष आंदोलन की स्थापना की। ऐसे में पीएम मोदी का ये दौरा कूटनीतिक तौर पर बेहद जरूरी है। इस दौरे के कारण मिस्र के साथ मुक्त व्यापार समझौतों से भारत के लिए पश्चिम एशिया और अफ्रीका के दरवाजे खुल जाएंगे।
आपको बता दें कि दोनों देशों के बीच करीब सात अरब डॉलर का व्यापार है। इसी साल जब जनवरी में अल सीसी भारत आए थे, तब दोनों देशों ने सात अरब डॉलर के व्यापार को बढ़ाकर 12 अरब डॉलर तक करने के लिए समझौता किया था। यही नहीं, पहली बार साझा सैन्य अभ्यास भी किया। मिस्र ने भारत से तेजस लड़ाकू विमान, रडार, सैन्य हेलिकॉप्टर और आकाश मिसाइल सिस्टम खरीदने में दिलचस्पी दिखाई है। इसका मतलब अब तक दूसरों से रक्षा उत्पाद खरीदने वाला भारत दूसरों को ये उत्पाद निर्यात करेगा। अभी 42 देश ऐसे हैं, जो भारत से रक्षा उत्पाद खरीदते हैं। दोनों देश डॉलर के अलावा दूसरी मुद्रा में भी व्यापार करने के लिए बातचीत कर रहे हैं।


Download Android App
Download iOS App



