राज्यसभा में सोमवार को ‘अधिकरण सुधार विधेयक, 2021’ को पारित किए जाने के वक्त भारतीय जनता पार्टी (BJP) के ज्यादातर सदस्यों के अनुपस्थित रहने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को नाराजगी जाहिर करते हुए उनकी लिस्ट मांगी हैं।
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, बीजेपी संसदीय दल की बैठक में इस पर नाराजगी जताते हुए प्रधानमंत्री ने उन सांसदों की सूची मंगवाई है जो कल, विधेयक के पारित होने के दौरान सदन में उपस्थित नहीं थे। ज्ञात हो कि राज्यसभा में सोमवार को संक्षिप्त चर्चा के बाद विपक्षी सदस्यों के हंगामे के बीच ‘अधिकरण सुधार विधेयक, 2021’ को मंजूरी दे दी गई।
इस विधेयक में चलचित्र कानून, सीमा शुल्क कानून, व्यापार चिन्ह कानून सहित कई कानूनों में संशोधन करने का प्रस्ताव किया गया है। विपक्ष ने इस विधेयक को प्रवर समिति में भेजने का प्रस्ताव रखा और बाद में उस पर मतविभाजन की मांग की। हालांकि मतविभाजन में सदन ने 44 के मुकाबले 79 मतों से विपक्ष के प्रस्ताव को अस्वीकार कर दिया। राज्यसभा में वर्तमान में भाजपा के कुल 94 सदस्य हैं।


Download Android App
Download iOS App



