प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 12 जुलाई को झारखंड के देवघर में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) का उद्घाटन करेंगे। भाजपा के एक पदाधिकारी ने यह जानकारी दी।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य दीपक प्रकाश ने बुधवार को यह जानकारी देते हुए कहा कि हवाई अड्डे के उद्घाटन से बाबा बैद्यनाथ धाम व देवघर समेत संथाल प्रमंडल के लिए हवाई मार्ग से पहुंचना सरल हो जायेगा, इसी प्रकार एम्स का काम प्रारंभ होते ही न सिर्फ देवघर बल्कि पूरे झारखण्ड को इसका लाभ मिलेगा।
प्रधानमंत्री चौदह जुलाई से प्रारंभ हो रहे विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेले से ठीक पूर्व 12 जुलाई को 657 एकड़ भूमि में फैले 401 करोड़ रुपये की लागत से तैयार देवघर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन करेंगे।
प्रकाश ने कहा कि इस हवाई अड्डे के उद्घाटन के साथ श्रावणी मेले के लिए देश-विदेश से देवघर आने वाले श्रद्धालुओं को अब रांची अथवा कोलकाता से सड़क मार्ग से देवघर स्थित बाबा धाम आने की कठिनाई नहीं उठानी पड़ेगी।
इस वर्ष का प्रसिद्ध श्रावण मेला 14 जुलाई से प्रारंभ हो रहा है। श्रावण मेले में देवघर बाबा धाम में लाखों श्रद्धालु दर्शन पूजन के लिए पहुंचते हैं।


Download Android App
Download iOS App



