उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव के मद्देनजर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार अति गंभीर नजर आ रहे है। ऐसे में जब से चुनाव की तारीखों का ऐलान हुआ है, तब से पहली बार पीएम नरेंद्र मोदी आज भाजपा के कार्यकर्ताओं से बात करेंगे। पीएम नरेंद्र मोदी अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के भाजपा कार्यकर्ताओं से वर्चुअल इवेंट में संवाद करेंगे।
22 जनवरी तक चुनाव आयोग की ओर से लगी है रोक
चुनाव आयोग की ओर से 22 जनवरी तक कोरोना संक्रमण को देखते हुए किसी भी तरह की फिजिकल रैली, नुक्कड़ सभा और रोड शो आदि पर रोक लगाई गई है। भाजपा की की उत्तर प्रदेश यूनिट की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक पीएम नरेंद्र मोदी सुबह 11 बजे से भाजपा कार्यकर्ताओं से अपना संवाद शुरू करेंगे।
पीएम मोदी भाजपा कार्यकर्ताओं को देंगे ये मंत्र
माना जा रहा है कि अपने संबोधन में पीएम नरेंद्र मोदी भाजपा कार्यकर्ताओं को संदेश दे सकते हैं कि वह राज्य में लोगों तक केंद्र सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को पहुंचाएं। भाजपा सूबे में दूसरी बार सरकार बनाने की कोशिश में जुटी है, जबकि समाजवादी पार्टी को 5 साल बाद एक बार फिर से वापसी की उम्मीद है।
बहुजन समाज पार्टी और कांग्रेस भी इस चुनावी जंग में हैं और उन्होंने भी कई विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया है। समाजवादी पार्टी ने राष्ट्रीय लोकदल से गठबंधन किया है, जबकि बसपा और कांग्रेस अपने दम पर ही मैदान में उतरे हैं।
मोदी और अमित शाह कर रहे है मैराथन दौरे
इस चुनाव में भाजपा अपना पूरा जोर लगा रही है। पीएम नरेंद्र मोदी, होम मिनिस्टर अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत तमाम सीनियर नेताओं को भाजपा ने चुनाव प्रचार के मैदान में उतारा है। अमित शाह और पीएम नरेंद्र मोदी चुनाव की तारीखों के ऐलान से पहले ही यूपी के कई दौरे कर चुके हैं।
पंजाब विधानसभा चुनाव में CAPF की 1,050 कंपनी तैनात करने की मांग
पिछले सप्ताह अमित शाह ने भाजपा की कोर मीटिंग्स में भी हिस्सा लिया था, जिनमें उम्मीदवारों क नाम तय किए गए हैं। अब तक भाजपा 105 सीटों पर अपने उम्मीदावारों के नाम तय कर चुकी है। इनमें से 57 उम्मीदवार पहले राउंड की 58 सीटों के हैं। इसके अलावा दूसरे चरण की 55 सीटों में से भी 48 पर पार्टी अपने कैंडिडेट्स तय कर चुकी है।
UP में एक बार फिर सक्रिय होंगे अमित शाह
भाजपा ने सीएम योगी आदित्यनाथ को गोरखपुर से उतारने का फैसला लिया है। इसके अलावा डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य सिराथू से चुनावी समर में उतरेंगे। 23 जनवरी के बाद अमित शाह एक बार फिर से यूपी में अपने कार्यक्रमों की शुरुआत कर सकते हैं। उत्तर प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों पर 7 राउंड में वोटिंग होनी है। इसके तहत पहले चरण का मतदान 10 फरवरी को होना है, जबकि आखिरी राउंड की वोटिंग 7 मार्च को होनी है।


Download Android App
Download iOS App



