प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की दो दिवसीय बैठक का उद्घाटन करेंगे। इसमें कुछ राज्यों के आगामी विधानसभा चुनावों और 2024 में लोकसभा चुनाव को लेकर तैयारी के मद्देनजर पार्टी के राजनीतिक एजेंडे को रखा जाएगा।

पार्टी ने एक बयान में कहा कि मोदी गुजरात विधानसभा चुनाव में मतदान करने के बाद राष्ट्रीय राजधानी पहुंचेंगे और देश भर से पार्टी के वरिष्ठ संगठनात्मक नेताओं की बैठक का उद्घाटन करेंगे तथा उसे संबोधित करेंगे। परिपाटी के अनुसार राष्ट्रीय पदाधिकारियों के अलावा, पार्टी की प्रदेश इकाइयों के अध्यक्ष और महासचिव (संगठन) भी बैठक में भाग लेंगे।
बयान में कहा गया है कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में पार्टी की भविष्य की रणनीति पर विचार-विमर्श किया जाएगा, राज्य विधानसभा चुनावों के अगले दौर के लिए तैयारियों का जायजा लिया जाएगा तथा विभिन्न संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की जाएगी।

पार्टी के नेता साल भर संगठनात्मक कार्यों में लगे रहते हैं और यह बैठक जायजा लेने की कवायद के तौर पर काम करेगी। पिछले लोकसभा चुनाव में जिन सीटों पर पार्टी को हार मिली थी, वहां अपनी स्थिति मजबूत करने और 2024 में जीत सुनिश्चित करने के मद्देनजर केंद्रीय मंत्रियों सहित पार्टी के नेताओं के विभिन्न समूह भी इस बैठक में हिस्सा लेंगे। लोकसभा चुनाव से पहले कर्नाटक, मध्य प्रदेश और राजस्थान जैसे राज्यों के अलावा त्रिपुरा और छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव होने हैं।


Download Android App
Download iOS App



