पीएम मोदी ने अफगानिस्तान की ताजा स्थिति पर रूसी राष्ट्रपति पुतिन से की बात, 45 मिनट तक हुई चर्चा

Summary :

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से बात कर अफगानिस्तान के ताजा हालात के साथ-साथ दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा की।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से बात कर अफगानिस्तान के ताजा हालात के साथ-साथ दोनों देशों (भारत-रूस) के द्विपक्षीय संबंधों से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा की। दोनों के बीच करीब 45 मिनट तक बात हुई।  पीएम मोदी ने इस बारे में जानकारी देते हुए ट्वीट भी किया है।
उन्होंने कहा कि अफगानिस्तान में हाल के घटनाक्रम पर अपने मित्र राष्ट्रपति पुतिन के साथ विस्तृत और उपयोगी चर्चा की। हमने द्विपक्षीय एजेंडे के मुद्दों पर भी चर्चा की, जिसमें कोविड-19 के खिलाफ भारत-रूस सहयोग शामिल है। हम महत्वपूर्ण मुद्दों पर करीबी विचार विमर्श जारी रखने पर सहमत हुए हैं।


इससे पहले पीएम मोदी ने जर्मनी की चांसलर एंजेला मर्केल से भी अफगानिस्तान के मसले पर बात की थी। ये सभी देश फिलहाल अफगानिस्तान मौजूदा स्थिति पर नजर रख रहे हैं और अफगानिस्तान में फंसे नागरिकों को बाहर निकालने के लिए ऑपरेशन चला रहे हैं। अफगानिस्तान में फंसे भारतीय और अफगान नागरिकों को निकलाने के लिए भारत ने ऑपरेशन देवी शक्ति चलाया है। इस ऑपरेशन के तहत 16 अगस्त से अब तक 800 नागरिकों को सुरक्षित भारत पहुंचाया गया है। आज यानी 24 अगस्त को भी काबुल से 78 नागरिक भारत पहुंचे।

Desk Team