प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाई प्रह्लाद मोदी ने रविवार को कहा कि गुजरात में कोई तीसरी पार्टी कभी फल-फूल नहीं सकी और अब प्रदेश में कांग्रेस के शून्य हो जाने की वजह से वहां सिर्फ भाजपा ही एकमात्र विकल्प रह गई है।

हैदरगढ़ के सुबेहा स्थित सराय चंदेल गांव में स्थानीय भाजपा नेता सुमित सिंह के घर पहुंचे प्रह्लाद ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा गुजरात में कांग्रेस अब शून्य हो चुकी है और भाजपा अपनी पूरी ताकत पर आ गई है। राज्य में दो ही पार्टी कांग्रेस और भाजपा चली है, वहां कोई तीसरी पार्टी कभी जगह नहीं बना पाई।

माना जा रहा है कि उनका इशारा आम आदमी पार्टी की तरफ था, जो गुजरात में भाजपा को टक्कर देने के लिए जोर लगा रही है।मोदी ने कहा कि देश की जनता को उसकी पसंद का प्रधानमंत्री मिला है और यही वजह है कि जनता बार-बार कहती है, और वर्ष 2024 में भी केंद्र में भाजपा की सरकार बनेगी।प्रधानमंत्री के भाई निजी कार्य से ग्राम सराय चंदेल पहुंचे, जहां भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। वह अपने मित्र और भाजपा नेता सुमित सिंह के घर गए थे। प्रह्लाद ने कहा कि उन्होंने सिंह से बहुत पहले उनके घर आने का वादा किया था जिसे पूरा करने के उद्देश्य से उनके आवास पर पहुंचे। उनका यहां आने के पीछे कोई दूसरा उद्देश्य नहीं है।


Download Android App
Download iOS App



