अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को उनके सम्मान में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद द्वारा दिये गये राजकीय रात्रिभोज में भाग लिया जो उनकी दो दिनी भारत यात्रा का अंतिम समारोह रहा।
अपनी पत्नी और अमेरिका की प्रथम महिला नागरिक मेलानिया ट्रंप के साथ पहुंचे ट्रंप का राष्ट्रपति भवन के भव्य प्रांगण में राष्ट्रपति कोविंद और उनकी पत्नी सविता ने स्वागत किया।
कोविंद अमेरिकी राष्ट्रपति को दरबार हॉल तक लेकर गये जहां मेहमान राष्ट्रपति ने गौतम बुद्ध की पांचवीं सदी की प्रतिमा और अन्य अनेक भारतीय नेताओं की तस्वीरें देखीं।
बाद में दोनों राष्ट्रपतियों ने रस्मी बातचीत की जिस दौरान कोविंद ने कहा कि भारत-अमेरिका संबंधों के महत्व का आकलन इस बात से ही किया जा सकता है कि अमेरिकी राष्ट्रपति का स्वागत करने के लिए बड़ी संख्या में लोग उमड़े।
कोविंद ने अपने शुरूआती वक्तव्य में कहा, ‘‘अमेरिका एक मूल्यवान दोस्त है और भारत दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।’’
अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि पिछले दो दिन बहुत लाभप्रद रहे। उन्होंने कहा कि दोनों देश व्यापार और सैन्य समझौतों पर काम कर रहे हैं।
ट्रंप ने कहा कि भारत आना सीखने का अद्भुत अनुभव देने वाला रहा है। उन्होंने स्वागत-सत्कार के लिए राष्ट्रपति कोविंद का शुक्रिया अदा किया।


Download Android App
Download iOS App



