प्रेस क्लब ऑफ इंडिया (पीसीआई) ने मंगलवार को नयी दिल्ली और मुंबई में बीबीसी के कार्यालयों में आयकर विभाग के सर्वे की निंदा की। अधिकारियों ने बताया है कि विभाग ने कथित कर चोरी की जांच के सिलसिले में ब्रिटिश ब्रॉडकास्टिंग कॉरपोरेशन (बीबीसी) के कार्यालयों में सर्वे किया है।
पीसीआई ने एक बयान में कहा, “हाल में सरकारी एजेंसियों द्वारा मीडिया पर किए गए सिलसिलेवार हमलों के तहत ये हालिया छापेमारी की गई हैं। ये छापेमारियां खासकर मीडिया के उन तबकों के खिलाफ की गई हैं, जिन्हें सरकार अपना शत्रु मानती है।” पीसीआई ने सरकार से अपील की कि वह अपनी एजेंसियों को “मीडिया को डराने के लिए अपनी शक्तियों का दुरुपयोग करने” से परहेज करने के लिए कहे।
बीबीसी द्वारा दो कड़ियों वाला वृत्तचित्र ‘इंडिया: द मोदी क्वेश्चन’ प्रसारित किए जाने के कुछ हफ्तों बाद विभाग ने यह कार्रवाई की है। पीसीआई ने कहा कि अगर सरकार को वृत्तचित्र से कोई दिक्कत है, तो उसे पत्रकारों को निशाना बनाने के बजाय संबंधित कार्यालय के समक्ष इस मामले को उठाना चाहिए।


Download Android App
Download iOS App



