कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों की मतगणना की पूर्व संध्या पर बुधवार को उत्तर प्रदेश में पार्टी के नेताओं, उम्मीदवारों और कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि अभी यह लड़ाई की शुरुआत भर है तथा भविष्य में हिम्मत और नयी ऊर्जा के साथ आगे बढ़ना है।
उन्होंने यह भी कहा कि लंबे समय से राज्य की सत्ता से दूर रहने के बावजूद कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जिस तरह से संघर्ष किया है, उस पर उन्हें गर्व है।
प्रियंका के मुताबिक, कांग्रेस के प्रयासों ने इस चुनाव में मुद्दा आधारित राजनीति को आगे बढ़ाया है।
कांग्रेस की उत्तर प्रदेश प्रभारी ने एक संदेश में कहा, ‘लोकतंत्र का आधार जनता का मत (वोट)होता है। कल जो भी नतीजा आएगा, वह जनता के विवेक के अनुसार होगा। इसलिए हम सबको इस जनादेश का आदर करते हुए अपने देश-प्रदेश के प्रति निष्ठा और समर्पण की भावना के साथ जनता के लिए संघर्ष को जारी रखना है।’
उन्होंने पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं से आह्वान किया, ‘हमारी लड़ाई अभी शुरू हुई है, हमें हिम्मत और नयी ऊर्जा के साथ आगे बढ़ना है।’
उन्होंने यह भी कहा, ‘मतदान के दिन हमें सजग रहना है और एक-एक वोट की रक्षा करनी है।’


Download Android App
Download iOS App



