किसानों से छल करने के लिए BJP को दें सजा, SKM ने की UP और उत्तराखंड की जनता से अपील

Summary :

एसकेएम ने किसानों से अपील करते हुए कहा कि उनकी मांगों को पूरा नहीं कर किसानों से छल करने के लिए आगामी विधानसभा चुनावों में भाजपा को ‘‘दंडित’’ किया जाना चाहिए।

संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) ने उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के किसानों से अपील करते हुए कहा कि उनकी मांगों को पूरा नहीं कर किसानों से छल करने के लिए आगामी विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को ‘‘दंडित’’ किया जाना चाहिए। यह जानकारी गुरुवार को स्वराज इंडिया के अध्यक्ष योगेंद्र यादव ने दी। यादव ने कहा कि एसकेएम की अपील का 55 किसान संगठनों ने समर्थन किया है। बहरहाल, उन्होंने स्पष्ट किया कि मोर्चा का चुनावों में किसी पार्टी के लिए वोट मांगने से कोई लेना-देना नहीं है। 
किसानों के साथ छल करने की BJP को मिलनी चाहिए सजा 
नए कृषि कानूनों के खिलाफ किसान आंदोलन का नेतृत्व करने वाले एसकेएम ने कहा कि न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर समिति बनाने और किसानों के खिलाफ मामले वापस लेने सहित उनकी शेष मांगें अभी भी अधूरी हैं। यादव ने संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘एसकेएम ने उत्तर प्रदेश के किसानों से अपील की है कि किसानों से छल करने के लिए आगामी चुनावों में भाजपा को दंडित करें। सरकार ने उनकी मांगें पूरी नहीं की हैं। एमएसपी के लिए अभी तक न तो समिति गठित की गई है और न ही किसानों के खिलाफ मामले वापस लिए गए हैं।’’
SKM का किसी पार्टी के लिए वोट मांगने से कोई लेना-देना नहीं :योगेंद्र यादव 
उन्होंने कहा, ‘‘हम मेरठ, कानपुर, सिद्धार्थनगर, गोरखपुर और लखनऊ सहित नौ स्थानों पर आगामी दिनों में संवाददाता सम्मेलन आयोजित करेंगे। पूरे उत्तर प्रदेश में हमारी अपील वाले पर्चे वितरित किए जाएंगे। एसकेएम का किसी पार्टी के लिए वोट मांगने से कोई लेना-देना नहीं है। मोर्चा गैर राजनीतिक था और रहेगा।’’ इसके साथ ही भारतीय किसान यूनियन (बीकेयू) के नेता राकेश टिकैत ने अपने ट्विटर पर एक पत्र पोस्ट करते हुए लिखा कि हम किसानों का अपमान करने वाली बीजेपी को विधानसभा चुनाव में सबक सीखना चाहिए। 

राकेश टिकैत ने BJP के लिए कही ये बात 
राकेश टिकैत ने लिखा कि “केंद्र की बीजेपी सरकार सच-झूठ की भाषा नहीं समझती और ना ही उन्हें अच्छे-बुरे का भेद करना आता है, वह संवैधानिक और असंवैधानिक के बीच अंतर नहीं जानती। यह पार्टी बस एक ही भाषा समझती है-वोट, सीट, सत्ता।” उन्होंने जनता से बीजेपी का बहिष्कार करने की अपील करते हुए पार्टी पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया और कहा कि बीजेपी को उसके किसानों के प्रति अशोभनीय बर्ताव और झूठे वादे करने के लिए सजा मिलनी चाहिए। 

सिद्धू को मिली राहत, SC ने 25 फरवरी तक के लिए रोड रेज केस को किया स्थगित

Desk Team