कांग्रेस (Congress) ने कहा कि उनके पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) के खिलाफ झूठ फैलाए जाने को अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसा करने वालों पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पार्टी के मीडिया एवं प्रचार प्रमुख पवन खेड़ा (Pawan Khera) ने यह भी बताया कि राहुल गांधी का एक वीडियो उदयपुर की घटना (Udaipur Murder Case) से जोड़कर प्रसारित किए जाने के संदर्भ में पूर्व सूचना एवं प्रसारण मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौर और कुछ अन्य भाजपा नेताओं के खिलाफ छह राज्यों में शिकायत दर्ज कराई गई है तथा छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में प्राथमिकी भी दर्ज कराई गई है।
जयराम रमेश ने JP नड्डा को लिखा था पत्र
बता दें कि कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश (Jairam Ramesh) ने गत शनिवार को भाजपा अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा (J.P. Nadda) को पत्र लिखकर कहा था कि वह राहुल गांधी के बारे में ‘झूठ’ फैलाने के लिए अपने नेताओं की तरफ से माफी मांगें, अन्यथा कानूनी कार्रवाई की जाएगी।दरअसल, राहुल गांधी का वीडियो एक समाचार चैनल पर प्रसारित हुआ था।
राहुल के बयान को तोड़-मरोड़कर किया जा रहा पेश
कांग्रेस का कहना है कि राहुल गांधी के संसदीय क्षेत्र वायनाड स्थित उनके कार्यालय पर एसएफआई के कार्यकर्ताओं द्वारा कथित तौर पर किए गए हमले के संदर्भ में उसके पूर्व अध्यक्ष ने एक टिप्पणी की, जिसे एक चैनल ने उदयपुर की घटना से जोड़कर पेश कर दिया। बाद में इस चैनल ने अपनी गलती के लिए माफी मांगी।
खेड़ा ने सोमवार को संवाददाताओं से कहा, ‘‘हमारे महासचिव जयराम रमेश जी ने नड्डा जी को 24 घंटे का वक्त दिया था। कल रात तक कोई जवाब नहीं आया। हमने छह राज्यों- राजस्थान, झारखंड, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, दिल्ली और छत्तीसगढ़ में राठौर और कुछ अन्य भाजपा नेताओं के खिलाफ शिकायतें दर्ज कराई हैं। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में प्राथमिकी भी दर्ज कराई गई है।’’
कांग्रेस पार्टी अब और झूठ नहीं सहेगी
पार्टी प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने राठौर पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘आप बहुत बड़ी साजिश का हिस्सा हैं। आप धर्मांधता की आग को भड़का रहे हैं और राहुल गांधी को आतंकवादियों से जोड़ने की जुर्रत भी करते हैं। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”
उन्होंने यह भी कहा, ‘‘प्रधानमंत्री ने हैदराबाद में कल 28 मिनट का भाषण दिया, लेकिन देश का माहौल ठीक करने के लिए दो शब्द नहीं बोला।’’ सुप्रिया ने जोर दिया, ‘‘झूठ अब नहीं सहा जाएगा। अगर आपने हमारे शीर्ष नेता राहुल गांधी के खिलाफ झूठ फैलाया तो इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।’’


Download Android App
Download iOS App



