दूध, दही, मक्खन और चावल जैसे पैक्ड उत्पादों को माल एवं सेवा कर (जीएसटी) के दायरे में लाए जाने को लेकर कांग्रेस बीजेपी नीत केंद्र सरकार पर हमलावर हो गई है। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने सरकार पर ‘वसूली सरकार’ होने का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को महंगाई के मुद्दे पर जनता के समक्ष जवाब देना ही पड़ेगा।
राहुल गांधी ने मंगलवार को एक फेसबुक पोस्ट में कहा, ‘‘अबकी बार, ‘वसूली’ सरकार? अब से दूध, दही, मक्खन, चावल, दाल, ब्रेड जैसे पैक्ड उत्पादों पर जनता से 5 प्रतिशत जीएसटी वसूला जाएगा।’’ उन्होंने कहा, “रोज़मर्रा की खाने-पीने की चीजें महंगी हो गईं, गैस सिलेंडर 1053 रुपये का हो गया लेकिन सरकार कहती है ‘सब चंगा सी’। मतलब, यह महंगाई जनता की समस्या है, सरकार की नहीं।’’
उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधते हुए दावा किया, ‘‘जब मोदी विपक्ष में थे, तब उन्होंने महंगाई को सबसे बड़ा मुद्दा बनाया था, लेकिन आज उन्होंने जनता को समस्याओं के गहरे दलदल में धकेल दिया है, जिसमें लोग रोज़ धंसते जा रहे हैं। उनकी इस बेबसी पर प्रधानमंत्री मौन हैं, खुश हैं और झूठ पर झूठ बोल रहे हैं।’’
कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘सरकार द्वारा आप पर किए जा रहे हर अत्याचार के खिलाफ़ मैं और पूरी कांग्रेस पार्टी आपके साथ खड़ी है। इस मुद्दे को हम सदन में ज़ोर-शोर से उठाएंगे। प्रधानमंत्री चाहे जितने शब्दों को ‘असंसदीय’ बता कर हमें चुप कराने की कोशिश कर लें, जवाब तो उन्हें देना ही पड़ेगा।’’
जीएसटी परिषद के फैसले लागू होने के बाद सोमवार से कई खाद्य वस्तुएं महंगी हो गईं। इनमें पहले से पैक और लेबल वाले खाद्य पदार्थ जैसे आटा, पनीर और दही शामिल हैं, जिन पर पांच प्रतिशत जीएसटी देना होगा।


Download Android App
Download iOS App



