कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने शुक्रवार को पार्टी से बाहर निकलने वाले कार्यकर्ताओं पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने ऐसे नेताओं को आरएसएस का आदमी करार दिया है। राहुल ने कहा कि कांग्रेस को निडर लोगों की जरूरत है इसलिए जिन्हें डर लग रहा है वह जा सकते हैं। वहीं ऐसे जो कांग्रेस में नहीं हैं लेकिन उन्हें डर नहीं लगता है उनका कांग्रेस में स्वागत है। ऐसे लोगों को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाया जाना चाहिए जो संघ की विचारधारा में विश्वास रखते हैं।
उन्होंने कहा कि “बहुत सारे लोग हैं जो डर नहीं रहे हैं…कांग्रेस के बाहर हैं..उनको अंदर लाओ और जो हमारे यहां डर रहे हैं, उनको बाहर निकालो…चलो भैया जाओ। आरएसएस के हो, जाओ भागो, मजे लो। नहीं चाहिए, जरूरत नहीं है तुम्हारी। हमें निडर लोग चाहिए। ये हमारी आइडियोलॉजी है।” कांग्रेस नेता ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को बीजेपी के फेक न्यूज से डरने की जरूरत नहीं है।
उन्होंजे कहा कि अगर प्रधानमंत्री कहते हैं कि योगी सरकार ने उत्तर प्रदेश में कोरोना हालात पर नियंत्रण करने के लिए अच्छा काम किया है तो उन पर हंसिए। पीएम अगर कहते हैं कि भारत के क्षेत्र में चीन नहीं घुसा है तो उनपर हंसिए। उन्होंने कहा कि लोगों ने अब बीजेपी द्वारा फैलाये जा रहे फेक न्यूज पर विश्वास करना बंद कर दिया है इसलिए अब किसी को बीजेपी से डरने की जरूरत नहीं है।
बता दें कि राहुल गांधी के इस बयान के निशाने पर ज्योतिरादित्य सिंधिया, जितिन प्रसाद जैसे नेता हैं जो कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए हैं। इसके अलावा यह कांग्रेस के उन नेताओं के लिए भी साफ संदेश है जो बागी तेवर अपनाए हुए हैं।


Download Android App
Download iOS App



