कोविड के मामले बढ़ना चिंताजनक, सार्वजनिक संपत्ति बेचने में जुटी सरकार : राहुल गांधी

Summary :

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने देश में कोविड-19 महामारी के मामलों में बढ़ोतरी को चिंताजनक करार देते हुए कहा कि टीकाकरण की गति तेज करने की जरूरत है ताकि अगली लहर में महामारी के गंभीर प्रभाव से बचा जा सके।

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने देश में कोविड-19 महामारी के मामलों में बढ़ोतरी को चिंताजनक करार देते हुए गुरुवार को कहा कि टीकाकरण की गति तेज करने की जरूरत है ताकि अगली लहर में महामारी के गंभीर प्रभाव से बचा जा सके। उन्होंने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की और राष्ट्रीय मौद्रिकरण पाइपलाइन (एनएमपी) का परोक्ष रूप से हवाला देते हुए यह आरोप लगाया कि केंद्र सरकार इस समय ‘बेचने’ में लगी हुई है।

कांग्रेस नेता ने ट्वीट किया, ‘‘कोविड-19 के मामलों में वृद्धि चिंताजनक है। टीकाकरण को गति दी जानी चाहिए ताकि अगली लहर में महामारी के गंभीर प्रभाव से बचा जा सके। कृपया अपना ध्यान रखें क्योंकि भारत सरकार ‘बेचने’ में व्यस्त है।’’

गौरतलब है कि एक दिन में कोविड-19 के 46,164 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 3,25,58,530 हो गई। वहीं, उपचार करा रहे मरीजों की संख्या बढ़कर 3,33,725 हो गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, संक्रमण से 607 और लोगों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 4,36,365 हो गई। देश में अभी 3,33,725 लोगों का कोरोना वायरस संक्रमण का इलाज चल रहा है, जो कुल मामलों का 1.03 प्रतिशत है। पिछले 24 घंटे में उपचाराधीन मरीजों की संख्या में कुल 11,398 की बढ़ोतरी दर्ज की गई। मरीजों के ठीक होने की राष्ट्रीय दर 97.63 प्रतिशत है।

Desk Team