राहुल ने केंद्र पर साधा निशाना, कहा- चीन के कदम को नजरअंदाज कर देश के साथ ‘विश्वासघात’ कर रही सरकार

Summary :

अमेरिकी सेना के प्रशांत क्षेत्र के कमांडिंग जनरल चार्ल्स ए. फ्लिन ने गत बुधवार को कहा था कि, भारत से लगती सीमा के निकट चीन द्वारा कुछ रक्षा बुनियादी ढांचे स्थापित किया जाना चिंता की बात है।

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने एक बार फिर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने भारत से लगी सीमा के निकट चीन द्वारा बुनियादी ढांचे का विकास किए जाने पर’ अमेरिका के एक वरिष्ठ सैन्य अधिकारी के बयान की पृष्ठभूमि में आरोप लगाया कि, बीजिंग के इस कदम को नजरअंदाज कर केंद्र सरकार भारत के साथ ‘विश्वासघात’ कर रही है। राहुल ने ट्वीट किया, चीन भविष्य में शत्रुतापूर्ण कार्रवाई के लिए बुनियाद तैयार कर रहा है। इसको नजरअंदाज करके सरकार भारत के साथ विश्वासघात कर रही है।

अमेरिकी सैन्य अधिकारी ने दिया था यह बयान
गौरतलब है कि अमेरिकी सेना के प्रशांत क्षेत्र के कमांडिंग जनरल चार्ल्स ए. फ्लिन ने गत बुधवार को कहा था कि, भारत से लगती सीमा के निकट चीन द्वारा कुछ रक्षा बुनियादी ढांचे स्थापित किया जाना चिंता की बात है। इससे जुड़े सवाल पर भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने गुरुवार को कहा कि, भारत चीन से उम्मीद करता है कि अगले दौर की सैन्य स्तर की वार्ता में वह पूर्वी लद्दाख से जुड़े मुद्दों का साझा रूप से स्वीकार्य समाधान निकालने के लिए काम करेगा, क्योंकि दोनों पक्षों का मानना है कि मौजूदा स्थिति का लम्बा खिंचना किसी के हित में नहीं है।
रक्षा के लिए सभी उपाय करने को प्रतिबद्ध है : विदेश मंत्रालय
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने यह भी कहा कि, सरकार पश्चिमी क्षेत्र में चीन द्वारा सीमावर्ती क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे के निर्माण समेत सभी घटनाक्रम पर सावधानीपूर्वक नजर रखती है तथा क्षेत्रीय अखंडता एवं सम्प्रभुता की रक्षा के लिए सभी उपाय करने को प्रतिबद्ध है।

Desk Team