नसीरुद्दीन शाह की गृह युद्ध वाली टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए PAK ने मोदी सरकार को बताया ‘फासीवादी’ सरकार

Summary :

बॉलीवुड एक्टर नसीरुद्दीन शाह हरिद्वार धर्म संसद पर बयान देकर इन दिनों चर्चा में बने हुए हैं। उनके इस बयान पर भारत ही नहीं पाकिस्तान से भी प्रतिक्रिया सामने आ रही है।

बॉलीवुड एक्टर नसीरुद्दीन शाह हरिद्वार धर्म संसद पर बयान देकर इन दिनों चर्चा में बने हुए हैं। उनके इस बयान पर भारत ही नहीं पाकिस्तान से भी प्रतिक्रिया सामने आ रही है। नसीरुद्दीन शाह के इस बयान को लेकर पाकिस्तान की मीडिया ने मोदी सरकार को आड़े हाथों लिया। 
नसीरुद्दीन शाह ने एक वेबसाइट को दिए इंटरव्यू में कहा, ‘अगर उन्हें पता है कि वे किस बारे में बात कर रहे हैं, तो मैं हैरान हूं। वो एक गृह युद्ध की अपील कर रहे हैं। हम 20 करोड़ लोगों के लिए यह मातृभूमि है। हम 20 करोड़ लोग यहीं के हैं। मुसलमानों को दोयम दर्जे का नागरिक बनाया जा रहा है। हमें अपने बच्चों को बचाना है। मैं मजहब की बात नहीं कर रहा न ही कभी करता हूं। देश में अब मजहब तो बहुत आसानी से खतरे में पड़ जाता है। अगर इस तरह का कोई अभियान शुरू होता है तो कड़ा प्रतिरोध होगा और लोगों का गुस्सा फूटेगा। 
…..तुम कैलाश क्यों नहीं चले जाते!
शाह ने कहा, देश में जब हिन्दुओं की जनसंख्या ज्यादा है, ये कैसे कहा जा रहा है कि हिन्दू खतरे में हैं। हमें शांति से रहने दीजिए। मुझे पाकिस्तान जाने को कहने वाले से मैं कहता हूं, तुम कैलाश क्यों नहीं चले जाते। उर्दू को पाकिस्तानी भाषा बताया जाता है। इतने सालों में राजनीति इतना नीचे कभी नहीं गिरी थी। आज भारत में जन्म लेने वालों का भविष्य क्या है, इसका पता नहीं। 
मंदिर तोड़े जाएंगे तो कैसा लगेगा?
बॉलीवुड एक्टर ने आगे कहा, चाहे जितनी नफरत फैल जाए, मैं डर कर नहीं भागने वाला। एक-दूसरे के धर्म के प्रति असहिष्णुता पैदा की जा रही है। चर्च-मस्जिद तोड़े जा रहे हैं। ऐसा करने वालों पर कोई कार्रवाई नहीं की जाती है। सोचिए, मंदिर के साथ ये होगा तो कैसा लगेगा। मेरे ईश्वर आपके अल्लाह से बड़े हैं। ऐसा कहा जा रहा है। 
नसीरुद्दीन शाह के बयान पर पाकिस्तान ने दी प्रतिक्रिया 
पाकिस्तान के सरकारी ब्रॉडकास्टर रेडियो पाकिस्तान ने अपने आधिकारिक ट्विटर में भारत सरकार को फासीवादी सरकार करार देते हुए लिखा, ‘जाने-माने भारतीय अभिनेता नसीरुद्दीन शाह ने फासीवादी मोदी सरकार को मुसलमानों का नरसंहार रोकने को कहा है और चेतावनी दी है कि अल्पसंख्यकों का उत्पीड़न देश को गृह-युद्ध की तरफ ले जाएगा।’ 


वहीं पाकिस्तान के सरकारी टीवी चैनल पीटीवी न्यूज (PTV News) ने भी नसीरुद्दीन शाह के बयान को लेकर कई ट्वीट किए। पीटीवी न्यूज ने लिखा कि, ”जाने-माने पत्रकार करन थापर के साथ एक इंटरव्यू में भारतीय अभिनेता नसीरुद्दीन शाह ने कहा कि “भारत में मुसलमानों को दोयम दर्जे का नागरिक बनाया जा रहा है” और यह हर क्षेत्र में हो रहा है।’

Desk Team