कानून मंत्री किरेन रिजिजू ने लोकसभा में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के भाषण की सराहना करने वाले कुछ विपक्षी सदस्यों पर शुक्रवार को परोक्ष रूप से कटाक्ष करते हुए कहा कि कुछ लोग पश्चिमी विचारों को ध्यान में रखकर अंग्रेजी बोलने वालों का महिमामंडन करना पसंद करते हैं। कम से कम दो लोकसभा सदस्यों ने गुरुवार को भाजपा नीत सरकार के तहत सत्ता के केंद्रीकरण संबंधी गांधी की टिप्पणी की सराहना करते हुए कहा था कि वह देश के लोगों की नब्ज को सही ढंग से समझते हैं।
कुछ लोग अंग्रेजी बोलने वालों का करते हैं महिमामंडन :रिजिजू
रिजिजू ने हिंदी में ट्वीट किया, कई सांसदों ने संसद में बहुत ही शानदार और खूबसूरती से बात की, लेकिन कुछ लोग पश्चिमी विचारों को ध्यान में रखकर अंग्रेजी बोलने वालों का महिमामंडन करना पसंद करते हैं। लोकसभा में गुरुवार को राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा में हिस्सा लेते हुए इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) के ई टी मोहम्मद बशीर ने कहा था, मेरा मानना है कि अगर हमें धन्यवाद संदेश देना है या धन्यवाद संकल्प देना है तो वह राहुल गांधी को दिया जाना चाहिए।

कई लोगों ने की राहुल की स्पीच की सराहना
बशीर ने आगे कहा, उनका कल (बुधवार) का भाषण भारतीय लोगों की नब्ज का असली प्रतिबिंब था।रिवॉल्यूशनरी सोशलिस्ट पार्टी (आरएसपी) के सदस्य एन के प्रेमचंद्रन ने कहा था कि वह गांधी की इस बात से सहमत हैं कि भारत कोई साम्राज्य नहीं है, बल्कि राज्यों का एक संघ है। उन्होंने आरोप लगाया था कि सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी अपने कार्यक्रमों का विरोध करने वाले सभी लोगों को राष्ट्र-विरोधी करार देती है।


Download Android App
Download iOS App



