एस-400 : सेना के अधिकारियों ने दी जानकारी, अगले महीने तक पूरी होगी पहली रेजीमेंट की तैनाती

Summary :

भारत द्वारा रूस से खरीदी गई एस-400 मिसाइल सिस्टम की पहली खेप भारत आनी शुरू हो चुकी है जिसे पाकिस्तान सीमा पर तैनात किया जाएगा

भारत द्वारा रूस से खरीदी गई एस-400 मिसाइल सिस्टम की पहली खेप भारत आनी शुरू हो चुकी है जिसे पाकिस्तान सीमा पर तैनात किया जाएगा। इस मामले में सैन्य अधिकारियों ने शनिवार को जानकारी दी है कि, भारतीय वायुसेना द्वारा एस-400 ट्राइम्फ मिसाइल रक्षा प्रणालियों की पंजाब में एक एयरबेस पर तैनाती फरवरी तक पूरी होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि, मिसाइल प्रणाली की तैनाती की प्रक्रिया शुरू हो गई है और तैनाती पूरी होने में और छह हफ्ते का वक्त लगेगा।
भारत एस-400 की कुल पांच इकाई प्राप्त करेगा
सैन्य अधिकारियों ने बताया कि, एस-400 मिसाइल प्रणाली की पहली रेजीमेंट की तैनाती इस तरीके से की जा रही है कि, इसके दायरे में उत्तरी सेक्टर में चीन से लगी सीमा और पाकिस्तान से लगा सीमांत भी आ जाए। एक अधिकारी ने बताया, मिसाइल प्रणाली के विभिन्न महत्वपूर्ण पुर्जों व इसके अन्य उपकरणों का परिवहन तैनाती स्थल तक जारी है। रूस से भारत एस-400 वायु रक्षा मिसाइल प्रणाली की कुल पांच इकाई प्राप्त करेगा। गौरतलब है कि, भारत ने तत्कालीन अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की धमकियों के बावजूद अक्टूबर 2018 में रूस से एस-400 मिसाइल प्रणाली की पांच इकाई खरीदने के लिए पांच अरब डॉलर के एक सौदे पर हस्ताक्षर किया था।

Desk Team