ओलंपिक पदक विजेताओं को सम्मानित करेगा SAI, पदकवीरों के स्वागत के लिए देश में हो रही खास तैयारियां

Summary :

भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) सोमवार शाम यहां मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में देश के ओलंपिक पदक विजेताओं को सम्मानित करेगा।

भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) सोमवार शाम यहां मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में देश के ओलंपिक पदक विजेताओं को सम्मानित करेगा। भारत ने सात पदक जीतकर पदकों के लहाज से ओलंपिक में अब तक की सबसे बड़ी सफलता हासिल की है। इशमेंभाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा द्वारा एथलेटिक्स में पहला स्वर्ण शामिल है। भारत के लिए पिछली सबसे बड़ी संख्या लंदन 2012 ओलंपिक खेलों में छह पदकों के साथ थी।
ध्यानचंद स्टेडियम के प्रशासक चंद्र भूषण प्रसाद ने सुरक्षा के लिए अनुरोध करते हुए पुलिस आयुक्त राकेश अस्थाना को एक पत्र में कहा, ओलंपिक पदक विजेता 09.08.2021 को नई दिल्ली पहुंचेंगे और उन्हें मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में एक आयोजित एक समारोह में सम्मानित किया जाएगा। सम्मान समारोह शाम 6.30 बजे आयोजित किया जाएगा।
स्वर्ण पदक विजेता चोपड़ा के अलावा भारोत्तोलक मीराबाई चानू (रजत), पहलवान रवि दहिया (रजत), बैडमिंटन खिलाड़ी पी.वी. सिंधु (कांस्य), पहलवान बजरंग पुनिया (कांस्य), मुक्केबाज लवलीना बोरगोबेन (कांस्य) और भारतीय पुरुष हॉकी टीम (कांस्य) को सम्मानित किया जाएगा।
बता दें कि भारत ने इस ओलंपिक में कुल 7 पदक जीते हैं, जो किसी भी ओलंपिक का भारत का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। ऐसे में देश के अलग-अलग हिस्सों में भारतीय खिलाड़ियों के स्वागत की भव्य तैयारी है। दिल्ली के अशोका होटल में आज शाम को सभी पदकवीरों और अन्य खिलाड़ियों का सम्मान समारोह होना है। उससे पहले जब एयरपोर्ट पर खिलाड़ियों का आगमन होगा, तब भी वहां भी खिलाड़ियों के स्वागत के लिए पूरा देश तैयार है। सिर्फ दिल्ली ही नहीं बल्कि खिलाड़ियों के गांव-घर में भी भव्य स्वागत की तैयारी है।

Desk Team