भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को दावा किया कि भारत सरकार जनवरी से ही यूक्रेन की स्थिति पर नजर रखे हुए थी और युद्धग्रस्त देश से भारतीयों की सफल निकासी का विधानसभा चुनावों में सकारात्मक असर होगा।
भाजपा उत्तर प्रदेश समेत चार चुनावी राज्यों में आएगी सत्ता , पंजाब में जबरदस्त बढ़त हासिल करेगी
भाजपा मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए शाह और भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने कहा कि उनकी पार्टी उत्तर प्रदेश समेत चार चुनावी राज्यों में सत्ता में आएगी और पंजाब में जबरदस्त बढ़त हासिल करेगी। उत्तर प्रदेश में भाजपा सत्ता में है। यूक्रेन संकट से निपटने खासकर छात्रों की वहां से निकासी को लेकर सरकार के कदम का चुनावों पर क्या असर पड़ सकता है, इस बारे में पूछे जाने पर शाह ने कहा कि इसका सकारात्मक असर होगा।
उन्होंने कहा कि सरकार ने 15 फरवरी को ही यूक्रेन में रह रहे भारतीयों के लिए परामर्श जारी कर दिया था। ज्ञात हो कि रूस ने 24 फरवरी को यूक्रेन में सैन्य कार्रवाई शुरू कर दी थी। केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि सरकार यूक्रेन की स्थिति पर जनवरी महीने से ही नजर रखे हुए है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस मुद्दे पर पूरी तत्परता से काम कर रहे हैं।
शाह ने कहा, ‘‘तेरह हजार से अधिक नागरिक भारत पहुंच चुके हैं और अभी कई विमान भारतीयों को लेकर आने वाले हैं। इसका चुनावों के साथ ही जनता पर भी सकारात्मक असर हुआ है।’’
यूक्रेन में फंसे भारतीयों को वापस लाने के लिए ‘‘ऑपरेशन गंगा’’ चलाया
सरकार ने यूक्रेन में फंसे भारतीयों को वापस लाने के लिए ‘‘ऑपरेशन गंगा’’ चलाया है।
शाह ने कहा, ‘‘सरकार ने रूसी भाषा बोलने वाले दलों को यूक्रेन से सटे देशों में तैनात किया है और एक नियंत्रण कक्ष भी स्थापित किया है। हम चार मार्च तक 16,000 नागरिकों को सुरक्षित वापस लाने में सफल रहे हैं।’’
उल्लेखनीय है कि सरकार ने यूक्रेन में फंसे भारतीय छात्रों से कहा था कि वह किसी भी तरह यूक्रेन की सीमा से लगे देशों में पहुंचने की कोशिश करें। सरकार रोमानिया, हंगरी, स्लोवाकिया और पोलैंड से भारतीय नागरिकों को हवाई मार्ग से स्वदेश ला रही है। उत्तर प्रदेश में सात चरणों के चुनाव के तहत सात मार्च को आखिरी चरण का मतदान होना है। पंजाब, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर के साथ-साथ उत्तर प्रदेश में भी 10 मार्च को मतगणना होनी है।


Download Android App
Download iOS App



