देश में गुरूवार को पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों के परिणाम आए, तो इनमें से चार में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) बड़ी जीत की तरफ अग्रसर है। ऐसे में केंद्रीय गृह मंत्री व वरिष्ठ नेता अमित शाह ने बृहस्पतिवार को उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को मिली सफलता को गांव, गरीब और किसानों की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गरीब कल्याण की नीति पर अडिग विश्वास की जीत और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सुशासन पर जनता की मुहर करार दिया।
उत्तरप्रदेश में भाजपा की भव्य जीत प्रदेश के गाँव, गरीब और किसानों की @narendramodi जी के गरीब कल्याण में अडिग विश्वास की जीत है।जनता ने @myogiadityanath जी के भय और भ्रष्टाचार मुक्त सुशासन पर अपनी मुहर लगाई है।इस प्रचंड जीत के लिए यूपी की जनता का हृदय से आभार व्यक्त करता हूँ।— Amit Shah (@AmitShah) March 10, 2022
अमित शाह ने सिलसिलेवार ट्वीट कर कहा-
उन्होंने सिलसिलेवार ट्वीट कर उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर में भाजपा की जीत पर इन राज्यों की जनता के प्रति आभार जताया और भाजपा की प्रदेश इकाइयों के शीर्ष नेताओं के साथ ही पार्टी कार्यकर्ताओं को भी बधाई दी। उन्होंने कहा, ‘‘उत्तर प्रदेश में भाजपा की भव्य जीत प्रदेश के गांव, गरीब और किसानों की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गरीब कल्याण में अडिग विश्वास की जीत है। जनता ने योगी आदित्यनाथ के भय और भ्रष्टाचार मुक्त सुशासन पर अपनी मुहर लगाई है। इस प्रचंड जीत के लिए उत्तर प्रदेश की जनता का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं।’’
उत्तर प्रदेश की जनता की अपेक्षाओं व आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए दृढ़ संकल्पित है
उन्होंने वर्ष 2014 और 2019 के लोकसभा चुनावों से लेकर 2017 और 2022 के विधानसभा चुनावों तक में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में ‘‘अटूट विश्वास’’ प्रकट करने के लिए उत्तर प्रदेश की जनता को नमन भी किया। शाह ने भाजपा सरकार की उपलब्धियों और पार्टी के विचारों को घर-घर तक पहुंचाने वाले पार्टी कार्यकर्ताओं, प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह और प्रदेश इकाई को इस ‘‘भव्य जीत’’ की बधाई दी और कहा कि उनकी पार्टी उत्तर प्रदेश की जनता की अपेक्षाओं व आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए दृढ़ संकल्पित है।
भाजपा को पुनः सेवा का मौका देने के लिए उत्तराखंड की जनता का आभार
उत्तराखंड में भाजपा की जीत पर शाह ने कहा, ‘‘भाजपा को पुनः सेवा का मौका देने के लिए उत्तराखंड की जनता का आभार। देवभूमि ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार के विकास कार्यों और लोक-कल्याणकारी नीतियों पर अपना अटूट विश्वास जताया है।’’ शाह ने गोवा और मणिपुर में भी भाजपा की जीत के लिए प्रदेश इकाई के नेताओं को बधाई दी और इन राज्यों की जनता के प्रति आभार प्रकट किया।


Download Android App
Download iOS App



