तिहाड़ की ब्लेडबाजी का बदला, शाहिद की चाकू मारकर हत्या, चार पकड़े

Summary :

Tihar Jail : तिहाड़ जेल में ब्लेडबाजी से शुरू हुई दुश्मनी का बदला लेने के लिए कालिंदी कुंज इलाके में शाहिद हुसैन उर्फ चोर की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस की जांच में सामने आया है कि मृतक और तरुण उर्फ रंजन के बीच वर्ष 2025 में तिहाड़ जेल के अंदर हुए झगड़े के बाद से रंजिश चल रही थी। आरोप है कि इसी दुश्मनी में शाहिद को ठिकाने लगाने की साजिश रची गई। इसके बाद श्रीराम चौक के पास उसे घेरकर चाकू से हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल शाहिद को अपोलो अस्पताल ले जाया गया,…

Tihar Jail : तिहाड़ जेल में ब्लेडबाजी से शुरू हुई दुश्मनी का बदला लेने के लिए कालिंदी कुंज इलाके में शाहिद हुसैन उर्फ चोर की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस की जांच में सामने आया है कि मृतक और तरुण उर्फ रंजन के बीच वर्ष 2025 में तिहाड़ जेल के अंदर हुए झगड़े के बाद से रंजिश चल रही थी। आरोप है कि इसी दुश्मनी में शाहिद को ठिकाने लगाने की साजिश रची गई। इसके बाद श्रीराम चौक के पास उसे घेरकर चाकू से हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल शाहिद को अपोलो अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दक्षिण-पूर्वी जिला पुलिस ने मामले में अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि मुख्य आरोपी तरुण उर्फ रंजन समेत तीन अन्य की तलाश में छापेमारी की जा रही है।

डीसीपी विनीत कुमार के मुताबिक, हत्या की वारदात के बाद कालिंदी कुंज थाना पुलिस ने जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए सरिता विहार एसीपी अनिल शर्मा की देखरेख में एसएचओ रमन कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम में सब-इंस्पेक्टर रविंद्र, अजय समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस ने वारदात से जुड़े सुराग जुटाए और आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की।

हमले साजिश और फरार होने में मदद का आरोप

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान करण उर्फ करम शाह, अबुज़र, मोनू मलिक उर्फ साबिर और गौरव गुम्मा के रूप में हुई है। जांच में इनकी कथित भूमिका हमले में शामिल होने, साजिश रचने और वारदात के बाद फरार होने की योजना में मदद करने के रूप में सामने आई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या की योजना कब और कहां बनाई गई और वारदात को अंजाम देने में किस आरोपी की क्या भूमिका रही।

पुलिस के मुताबिक, तरुण उर्फ रंजन के अलावा अमन और राजा को पकड़ने के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। जांच में वारदात में इस्तेमाल किए गए चाकू की बरामदगी भी अहम है। पुलिस सभी आरोपियों की भूमिका स्पष्ट करने और हत्या के पीछे की पूरी साजिश का पता लगाने में जुटी है।

 

 

Sumant Chaudhary