BJP के स्थापना दिवस पर बधाई देते हुए शशि थरूर का तंज, ट्वीट की संविधान के पहले पन्ने की तस्वीर

Summary :

BJP के स्थापना दिवस पर बधाई देते हुए कांग्रेस नेता शशि थरूर ने कहा कि आप जो काम करते हैं या जिन पर यकीन करते हैं, वह इस संविधान के मुताबिक नहीं हैं।

देश की सबसे बड़ी पार्टी बीजेपी ने आज अपने 42 साल पूरे कर लिए हैं। इस मौके पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने बीजेपी को बधाई देते हुए तंज कसा। ट्विटर पर संविधान के पहले पन्नी की तस्वीर शेयर करते हुए कांग्रेस नेता ने कहा कि आप जो काम करते हैं या जिन पर यकीन करते हैं, वह इस संविधान के मुताबिक नहीं हैं। आपके संविधान के पहले पेज पर ऐसा कुछ भी नहीं है, जिस पर यकीन करते हैं या फिर जो काम आप करते हैं।
कांग्रेस ने ट्वीट करते हुए लिखा, हैप्पी बर्थडे बीजेपी! आप आज 42 साल के हो गए हो। क्या यह वह समय नहीं है, जब आपको अपने संविधान के मुताबिक काम करना शुरू करना चाहिए? ऐसा लगता है कि आपके संविधान के पहले पेज पर ऐसा कुछ नहीं है, जैसा आप करते हैं या जैसा आपका विश्वास है…….। या फिर आपका यह दस्तावेज भी तमाम जुमलों में से ही एक है।’


बता दें कि देश की भगवा पार्टी आज अपना 42वां स्थापना दिवस मना रही है। इस मौके पर देशभर में कई तरह के कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। पीएम नरेंद्र मोदी ने देशभर के बीजेपी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित किया।

बीजेपी का जन्म
भारतीय जनता पार्टी की स्थापना 1980 में आज ही के दिन हुई थी। श्यामा प्रसाद मुखर्जी द्वारा 1951 में स्थापित भारतीय जन संघ से इस नयी पार्टी का जन्म हुआ। 1977 में आपातकाल की घोषणा के बाद जनसंघ का कई अन्य दलों से विलय हुआ और जनता पार्टी का उदय हुआ। पार्टी ने 1977 के आम चुनाव में कांग्रेस से सत्ता छीन ली और 1980 में जनता पार्टी को भंग करके बीजेपी की नींव रखी गई।

Desk Team