पंजाब कांग्रेस में मची हुई खलबली का जल्द ही हल निकल सकता है, पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह और नवजोत सिंह सिद्धू में चल रही तकरार का दौर अब खत्म होने वाला है। राजनीति के चाणक्य माने जाने वाले प्रशांत किशोर ने कांग्रेस नेता और पूर्व पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी से मंगलवार को मुलाकात की। इस मुलाकात के बाद राजनीतिक हलकानों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया।
उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस महासचिव हरीश रावत ने पार्टी की पंजाब इकाई में चल रही कलह के जल्द खत्म होने का संकेत देते हुए मंगलवार को कहा कि अगले तीन-चार दिनों में पंजाब कांग्रेस के लिए अच्छी खबर आएगी। रावत ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात के बाद संवाददाताओं से बातचीत में यह टिप्पणी की।
कांग्रेस के पंजाब प्रभारी रावत ने कहा, ‘‘अगले तीन-चार दिनों में पंजाब कांग्रेस के लिए अच्छी खबर आएगी।’’ उल्लेखनीय है कि पिछले कुछ महीनों से पंजाब कांग्रेस में खुलकर कलह देखने को मिल रही है। पूर्व मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू और कुछ अन्य नेताओं ने मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है।
पार्टी में कलह को दूर करने के लिए कांग्रेस आलाकमान ने राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय समिति का गठन किया था। इस समिति ने मुख्यमंत्री समेत पंजाब कांग्रेस 100 से अधिक नेताओं की राय ली और फिर अपनी रिपोर्ट आलाकमान को सौंपी। पिछले दिनों अमरिंदर सिंह ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात की थी। सिद्धू भी पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी से मिले थे।


Download Android App
Download iOS App



