पहाड़ों पर बर्फबारी से मैदानी इलाकों में चली शीतलहर, राजस्थान के चूरू में शून्य से नीचे तापमान - Latest News In Hindi, Breaking News In Hindi, ताजा ख़बरें, Daily News In Hindi

पहाड़ों पर बर्फबारी से मैदानी इलाकों में चली शीतलहर, राजस्थान के चूरू में शून्य से नीचे तापमान

उत्तर से आने वाली हवाओं ने मैदानी राज्यों में ठंड बढ़ा दी है। दिल्ली से लेकर राजस्थान तक शीत लहर जारी है। राजस्थान के कई हिस्सों में तापमान एक डिग्री सेल्सियस से लेकर शून्य से नीचे तक चला गया।

उत्तरी पर्वतीय राज्यों उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी हो रही है। उत्तर से आने वाली हवाओं ने मैदानी राज्यों में ठंड बढ़ा दी है। दिल्ली से लेकर राजस्थान तक शीत लहर जारी है। राजस्थान के कई हिस्सों में तापमान एक डिग्री सेल्सियस से लेकर शून्य से नीचे तक चला गया। वहीं दिल्ली में लोग आग के सहारे ठंड को दूर करने की कोशिश करते नजर आए।
दिल्ली में दिन में छा सकता है हल्का कोहरा
दिल्ली में शनिवार को न्यूनतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम का सबसे कम तापमान है। वहीं आज का अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रहने की संभावना है और दिन में हल्का कोहरा भी छाया रह सकता है।   मौसम विभाग ने बताया कि न्यूनतम तापमान इस मौसम के औसत तापमान से दो डिग्री कम दर्ज किया गया।
शीतलहर की चपेट में राजस्थान 
राजस्थान के अनेक इलाकों में रात का पारा एक डिग्री सेल्सियस तक नीचे चला गया है। बीती शुक्रवार रात राज्य के फतेहपुर व चुरू में तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार न्यूनतम तापमान फतेहपुर (सीकर) में शून्य से नीचे (-) 3.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पड़ोस के चुरू में यह (-) 1.1 डिग्री सेल्सियस रहा।
1639806369 churu
वहीं नागौर में रात का न्यूनतम तापमान 0.3 डिग्री, संगरिया व सीकर में 0.7 डिग्री, भीलवाड़ा में 1.0 डिग्री, गंगानगर में 1.1 डिग्री, पिलानी में 1.9 डिग्री, चित्तौड़गढ़ में 2.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राज्य के अधिकांश जिलों में न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है।
1639806417 ice
जबकि अधिकतम तापमान 13.5 डिग्री से लेकर 24.2 डिग्री के बीच है। वहीं राजधानी जयपुर में शुक्रवार रात न्यूनतम तापमान 4.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने राज्य के अनेक इलाकों में आगामी दिनों में तीव्र शीत लहर चलने का ‘ओरेंज अलर्ट’ जारी किया। मौसम में आए बदलाव का असर सामान्य जनजीवन पर पड़ रहा है।
श्रीनगर और जम्मू में मौसम की सबसे ठंडी रात
जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में शनिवार को भी तापमान में गिरावट जारी रही। श्रीनगर और जम्मू में इस मौसम की सबसे ठंडी रात दर्ज की गई। यहां पारा क्रमश: माइनस 6 डिग्री और 2.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।  विभाग के एक अधिकारी ने कहा, “-6.0 और 2.3 डिग्री के साथ, श्रीनगर और जम्मू में आज मौसम की सबसे ठंडी रात दर्ज की गई।”
1639807083 snow
पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 8.3 डिग्री नीचे और गुलमर्ग में शून्य से 8.5 डिग्री नीचे दर्ज किया गया। इस बीच, लद्दाख के द्रास शहर में रात का न्यूनतम तापमान शून्य से 20.3 नीचे और लेह में शून्य से 15.3 नीचे दर्ज किया गया। कटरा में न्यूनतम तापमान 2.8 डिग्री, बटोटे में माइनस 1.1, बनिहाल में माइनस 1.2 और भद्रवाह में माइनस 2.9 डिग्री रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

four × one =

पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।