देश में कोविड-19 संक्रमण को काबू में करने लिए टीकाकरण अभियान जारी है। सोमवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को अब तक कोविड-19 टीकों की 96.75 करोड़ से अधिक खुराक मुहैया कराई गई हैं।मंत्रालय ने कहा कि राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के पास लोगों को लगाने के लिए अब भी 8.43 करोड़ से अधिक खुराक उपलब्ध हैं, जिनका अभी उपयोग नहीं किया गया है।

उसने कहा कि अधिक संख्या में टीकों की खुराक उपलब्ध कराके, राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को बेहतर योजना बनाने में सक्षम बनाने के लिए उन्हें टीकों की उपलब्धता पर अग्रिम निगरानी रखकर तथा टीका आपूर्ति श्रृंखला को सुदृढ़ करके टीकाकरण अभियान को गति प्रदान की गई है। राष्ट्रीय टीकाकरण अभियान के तहत केंद्र सरकार राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को नि:शुल्क कोविड-19 टीके उपलब्ध कराके सहयोग प्रदान कर रही है।

केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से सोमवार सुबह आठ बजे जारी किए गए अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, देश में पिछले 24 घंटे में संक्रमण से 193 और लोगों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 4,50,782 हो गई। देश में उपचाराधीन मरीजों की संख्या भी कम होकर 2,27,347 रह गई है, जो 209 दिन में सबसे कम है। देश में लगातार 17 दिनों से एक दिन में कोविड-19 के 30 हजार से कम और 106 दिन से 50 हजार से कम नए मामले सामने आ रहे हैं।


Download Android App
Download iOS App



