नयी दिल्ली : केंद्र ने उत्तर पूर्वी दिल्ली में हिंसा में संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की चेतावनी दी है। पथराव की घटना में एक पुलिसकर्मी की मौत हो गयी । गृह राज्य मंत्री जी किशन रेड्डी ने कहा कि लोकतांत्रिक देश में अहिंसक प्रदर्शन स्वीकार्य हैं लेकिन हिंसा नहीं । उन्होंने हिंसा को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दौरे के दौरान देश की छवि खराब करने का प्रयास बताया ।
रेड्डी ने ट्वीट किया, ‘‘दिल्ली में प्रदर्शनों के बीच अपनी जान गंवाने वाले दिल्ली पुलिस के हेड कांस्टेबल के परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली हमारी सरकार सभी तरह की हिंसा की निंदा करती है और हम दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के प्रति आश्वस्त करते हैं। ’’

बाद में संवाददाताओं से बात करते हुए मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय राजधानी के विभिन्न हिस्से में तैनात पुलिस और केंद्रीय बलों को हिंसा में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं । उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘राष्ट्रपति ट्रंप के भारत दौरे के मद्देनजर यह हुआ है । यह भारत और भारत सरकार की छवि खराब करने का प्रयास है । मैं केंद्र सरकार की ओर से पथराव की घटना में पुलिसकर्मी के मारे जाने की निंदा करता हूं। ’’


Download Android App
Download iOS App



