प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वायुसेना के लिए 70 स्वदेशी विमान की खरीद संबंधी केंद्रीय मंत्रिमंडल के फैसले को बृहस्पतिवार को महत्वपूर्ण करार देते हुए कहा कि यह रक्षा क्षेत्र को आत्मनिर्भर बनाने के लिए जारी प्रयासों को बल देगा। मालूम हो कि प्रधानमंत्री मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में भारतीय वायुसेना के लिए 6,828.36 करोड़ रुपये की लागत से हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) से 70 एचटीटी-40 बेसिक ट्रेनर विमान की खरीद को मंजूरी दी गई थी। इन विमान की आपूर्ति छह वर्ष की अवधि में की जाएगी।
प्रधानमंत्री ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘यह एक महत्वपूर्ण सीसीएस (सुरक्षा संबंधी मंत्रिमंडलीय समिति) निर्णय है, जो हमारे रक्षा क्षेत्र को आत्मनिर्भर बनाने के लिए जारी प्रयासों को बल देगा और जीवंत एमएसएमई (सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम) क्षेत्र को भी लाभान्वित करेगा।’’
This is an important CCS decision which will add strength to the ongoing efforts to make our defence sector self-reliant and will also benefit the vibrant MSME sector. https://t.co/iNNVkBHHxY
— Narendra Modi (@narendramodi) March 2, 2023
प्रधानमंत्री ने नौसेना के लिए लार्सेन एंड टूब्रो से तीन प्रशिक्षण पोतों की खरीद को सीसीएस द्वारा स्वीकृति दिए जाने पर कहा कि यह निर्णय नौसेना की प्रशिक्षण आवश्यकताओं को पूरा करेगा और उसे और मजबूत बनाएगा। देश में ही निर्मित और विकसित इन पोतों की पहली खेप 2026 में मिलेगी। प्रधानमंत्री मोदी सुरक्षा मामलों की समिति के अध्यक्ष हैं। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, विदेश मंत्री एस जयशंकर और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण इस समिति के सदस्य हैं।


Download Android App
Download iOS App



