Winter Session: पांचवें दिन बदली प्रदर्शन की तस्वीर, BJP ने निकाला पैदल मार्च, विपक्ष अलोकतांत्रिक…

Summary :

संसद परिसर में गांधी प्रतिमा पर धरना दे रहे विपक्षी दलों के सांसदों के विरोध में शीतकालीन सत्र के पांचवें दिन यानी आज भाजपा के सांसदों ने बाबा साहेब अंबेडकर की मूर्ति तक पैदल मार्च निकाला।

संसद परिसर में गांधी प्रतिमा पर धरना दे रहे विपक्षी दलों के सांसदों के विरोध में शीतकालीन सत्र के पांचवें दिन यानी आज भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसदों ने बाबा साहेब अंबेडकर की मूर्ति तक पैदल मार्च निकाला। पैदल मार्च में शामिल भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं सांसद अरुण सिंह ने कहा कि इन सांसदों ने सदन में अपने व्यवहार से देश को शर्मसार किया और अब माफी मांगने की बजाय वो अपने व्यवहार पर गर्व जाहिर कर रहे हैं। 
12 सांसदों ने किया देश को शर्मसार, मांगे माफी
अरुण सिंह ने कहा कि हम अहिंसा, सद्भाव और अच्छे आचरण की प्रेरणा पूरे देश को देने वाले बापू महात्मा गांधी और संविधान निमार्ता बाबा साहेब अंबेडकर की प्रतिमा के सामने प्रार्थना कर रहे हैं कि भगवान विपक्ष को सद्बुद्धि दे, ताकि वो माफी मांगकर अच्छे आचरण के साथ आगे सदन की कार्यवाही में भाग लें। अरुण सिंह ने कहा कि ऐसा आचरण अगर स्कूल के बच्चे भी करते तो उन्हें स्कूल से निकाल दिया जाता। इसी आचरण की वजह से तो देश की जनता उन्हें खारिज करती जा रही है।

सत्ता पक्ष है लोकतांत्रिक और विपक्ष अलोकतांत्रिक
पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा सांसद शिव प्रताप शुक्ला ने कहा कि उनके व्यवहार की वजह से पीठ ने उन्हें निलंबित किया है और इसका सरकार से कोई लेना देना नहीं है। पीठ का निर्णय बिल्कुल सही है। सत्ता पक्ष लोकतांत्रिक है और विपक्ष अलोकतांत्रिक व्यवहार कर रहा है इसलिए उनके व्यवहार के विरोध में हमने यह मार्च निकाला है। मार्च निकालने के लिए जब भाजपा सांसद गांधी प्रतिमा पर पहुंचे तो वहां पहले से मौजूद विपक्षी सांसदों ने नारेबाजी तेज कर दी और कुछ समय तक दोनों पक्षों की तरफ से जमकर नारेबाजी हुई।

‘Infinity Forum’ के उद्घाटन में बोले PM मोदी-डिजिटल बैंक आज एक वास्तविकता

Desk Team