आयकर विभाग ने गुरुवार को मीडिया समूह के खिलाफ कथित टैक्स चोरी को लेकर कई शहरों में छापेमारी की जो देर रात तक जारी रही। इस दौरान अनेक दस्तावेज जब्त किए गए। सूत्रों के अनुसार कल तड़के प्रारंभ हुई कार्रवाई समूह के भोपाल स्थित मुख्यालय समेत आधा दर्जन से अधिक ठिकानों पर भी की गई।
इस दौरान आयकर विभाग का दल समूह के मुख्य संचालक के निवास पर भी पहुंचा। यह कार्रवाई देर रात तक चलती रही। इसके अलावा इंदौर, नोएडा, जयपुर, अहमदाबाद और कुछ अन्य शहरों में भी छापे की कार्रवाई की गई है। सूत्रों ने कहा कि आयकर चोरी के संदेह में प्रारंभ की गई कार्रवाई कुछ स्थानों पर आज भी जारी रहेगी।
आयकर विभाग के अधिकारियों कर्मचारियों ने अनेक दस्तावेज कब्जे में लिए हैं। हालाकि इनका खुलासा नहीं किया जा रहा है। दूसरी ओर संबंधित अखबार समूह ने अपने हिंदी दैनिक में इस संबंध में आज प्रकाशित खबर में कहा है कि ‘धारदार पत्रकारिता’की पहचान वाले अखबार समूह के कई दफ्तरों और परिसरों पर आयकर विभाग ने कार्रवाई की है।
विभाग की टीमों ने मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, राजस्थान और नोएडा स्थित अखबार के कार्यालयों और अन्य परिसरों में कार्रवाई शुरू की। विभाग की टीम के अखबार के प्रमोटरों और कुछ कर्मचारियों के घर पर भी पड़ताल की है। अखबार समूह के प्रमोटर्स ने कहा है कि अखबार की पत्रकारिता का सिद्धांत ‘सबसे पहले पाठक’ है। हम सच्चाई की राह पर यूं ही चलते रहेंगे। इस बीच कांग्रेस नेताओं ने इस कार्रवाई का जमकर विरोध करते हुए आरोप लगाया कि अखबार समूह द्वारा कोविड और अन्य मामलों को लेकर सच्चाई दिखाने के कारण यह कार्रवाई की गई है।


Download Android App
Download iOS App



