अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की 24 फरवरी को होने वाली अहमदाबाद यात्रा से पहले विपक्षी दल कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि झुग्गी झोपड़ी कॉलोनी को छिपाने के लिए भाजपा शासित अहमदाबाद नगर निगम (एएमसी) यहां हवाई अड्डे के पास पांच सौ मीटर ऊंची एक दीवार बना रहा है।
कांग्रेस ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति की नजर से झुग्गी में रहने वाले लोगों की गरीबी छुपाने के लिए एएमसी दीवार खड़ी कर रहा है।
आरोपों को खारिज करते हुए एएमसी अधिकारियों ने शुक्रवार को कहा कि चार फीट ऊंची दीवार बनाने के कार्य को ट्रंप के गुजरात दौरे से बहुत पहले मंजूरी मिल चुकी थी।
दीवार सरदारनगर में एएमसी के स्वामित्व वाले प्लाट पर बनाई जा रही है जहां बहुत सी झुग्गी झोपड़ियां स्थित हैं।
नगर निगम के उपायुक्त के बी ठक्कर ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति को उस रास्ते से ले जाया जाएगा या नहीं यह स्पष्ट नहीं है।
उन्होंने कहा, “पांच सौ मीटर लंबी और चार फीट ऊंची इस दीवार का ट्रंप की यात्रा से कोई लेना देना नहीं है।
बहुत सालों से यहां एक दीवार थी जिसके गिरने के बाद हमने एक नई दीवार बनाने का निर्णय लिया। ट्रंप की यात्रा की घोषणा से एक महीने से अधिक पहले एक ऑनलाइन निविदा भी जारी की गई थी। यह हमारे प्लाट के इर्दगिर्द कम्पाउंड की दीवार है।”


Download Android App
Download iOS App



