भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के प्रबंध निदेशक (एमडी) दिनेश खारा ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की भारत यात्रा की पूर्व संध्या पर कहा कि इस यात्रा में कोई व्यापार समझौता हो न या न हो पर ऐसी द्विपक्षीय यात्राओं से सौहार्द बढ़ता है तथा दोनों देशों को नये अवसरों की पहचान करने के मौके मिलते हैं। ट्रंप सोमवार को दो दिवसीय भारत यात्रा की शुरुआत करने वाले हैं।
खारा ने एक साक्षात्कार में कहा, ‘‘इस तरह की यात्राओं से सौहार्द बढ़ता है और व्यापार बढ़ाने में सौहार्द सार्थक होते हैं। समझौता हो या नहीं, लेकिन भरोसा बढ़ने मात्र से ही व्यापार में पर्याप्त मात्रा में वृद्धि होती है।’’ उन्होंने कहा कि इस तरह की उच्चस्तरीय द्विपक्षीय यात्रा से दोनों पक्षों को एक-दूसरे को बेहतर तरीके से समझने में मदद मिलेगी। ये यात्राएं एक-दूसरे के लिये अवसरों की पहचान करने का भी अवसर देते हैं।
इस यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच व्यापार समझौता नहीं होने के बारे में खारा ने कहा कि इन निर्णयों के लिये काफी धैर्य और गहन विश्लेषण की जरूरत होती है। ऐसे निर्णयों में समय लग सकता है लेकिन इस तरह की लंबी चर्चा का सामान्यत: सकारात्मक परिणाम ही सामने आता है। अत: इसमें समय लग सकता है लेकिन यह अर्थव्यवस्था के लिये अच्छा हो सकता है। उन्होंने कहा कि इन उच्च स्तरीय द्विपक्षीय यात्राओं से जो धारणाएं तैयार होती हैं, वे मुद्दों का हल निकालने में दीर्घकालिक असर वाले होते हैं।


Download Android App
Download iOS App



