यूक्रेन-रूस विवाद के बीच सकुशल देश लौटे 242 भारतीय छात्र, यूक्रेन में मौजूद तनाव का किया जिक्र

Summary :

यूक्रेन-रूस की सीमा पर बढ़ते तनाव के बीच मंगलवार देर रात 242 भारतीय छात्र वापस अपने देश लौट आए हैं। इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सभी छात्र देर रात पहुंचे और माता-पिता को देख राहत की सांस ली।

यूक्रेन-रूस की सीमा पर बढ़ते तनाव को देखते हुए भारतीय लोगों ने यूक्रेन से निकलना शुरू कर दिया है। मंगलवार देर रात 242 भारतीय छात्र वापस अपने देश लौट आए हैं। इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सभी छात्र देर रात पहुंचे और माता-पिता को देख राहत की सांस ली। भारत ने यूक्रेन व आसपास के क्षेत्रों में रह रहे भारतीय नागरिकों के लिए निकासी अभियान शुरू कर दिया है।
भारत ने इस विशेष अभियान के तहत ड्रीमलाइनर बी-787 विमान को तैनात किया है। यह फ्लाइट यूक्रेन के खार्किव से दिल्ली हवाई अड्डे पर पहुंची। यूक्रेन में फस्र्ट ईयर मेडिकल की पढ़ाई कर रहे नीरव पाटिल ने बताया कि, “हमारी तरफ हालात सामान्य है। वहीं यूनिवर्सिटी ने हमारी पढ़ाई को ऑनलाइन कर दिया है इसलिए पहले जितनी चिंता नहीं है।”
महंगी टिकट के कारण दूसरी फ्लाइटों से आए छात्र 
यूक्रेन से कुछ छात्र ऐसे भी लौटें है जो एयर इंडिया की फ्लाइट से नहीं आए हैं। छत्तीसगढ़ निवासी व फिफ्थ ईयर की मेडिकल स्टूडेंट्स की पढ़ाई कर रहीं मोनिका ने पहले कीव से दोहा की फ्लाइट ली और फिर वापस दिल्ली पहुंची हैं। उनके मुताबिक, फ्लाइट की टिकट बहुत ज्यादा महंगी थी, इस कारण हमें दूसरी फ्लाइटों से आना पड़ा।


उन्होंने यूक्रेन के हालातों पर अपनी राय नहीं रखी, क्योंकि उनके अन्य दोस्त भी यूक्रेन में मौजूद हैं। उन्होंने बताया कि, “कुछ जगहों पर पढ़ाई को ऑनलाइन किया गया है लेकिन अभी भी कई जगहों पर ऑफलाइन पढ़ाई हो रही है। माता पिता बहुत ज्यादा चिंतित हो रहे थे इस कारण हमें वापस आना पड़ा, लेकिन उधर हालात बेहद सामन्य हैं। अब माता पिता जब कहेंगे तब वापस लौटेंगे।”

देश लौटे कई स्टूडेंट्स को पढ़ाई की चिंता
भारत वापस लौटे कई छात्र अपनी पढ़ाई को लेकर काफी चिंतित भी हैं। कुछ छात्रों ने इस बात का भी जिक्र किया कि उन्होंने युद्ध में इस्तेमाल होने वाला टैंक भी अपने शहर में देखा था। दिल्ली वापस लौटीं एमबीबीएस सेकंड ईयर की पढ़ाई कर रहीं स्वाति ने बताया कि, उधर हालात बिल्कुल सामन्य हैं, हम बिल्कुल सामन्य रूप से रह रहे हैं। वहां के लोग भी बिल्कुल परेशान नहीं हैं उनको रूस यूक्रेन विवाद को लेकर कोई चिंता नहीं है।”
एक अन्य छात्र एमबीबीएस की पढ़ाई कर रही तन्वी हैं, उन्होंने दिल्ली आकर यूक्रेन को लेकर बताया कि, “हालात खराब हैं, घबरा रहे हैं। बच्चे घबराए हुए हैं अलग अलग खबरें आ रही हैं यकीन नही कर पा रहे कि कौनसी बातों पर यकीन करें या न करें। वहीं फ्लाइट की टिकट भी बेहद महंगी हुई हैं।”
आने वाले दिनों में बन सकती है युद्ध की स्थिति 
वहीं दिल्ली से मेडिकल की पढ़ाई करने गईं 20 वर्ष की साक्षी कहती हैं कि वहां पर हालात जरा भी सामान्य नहीं हैं।उन्हें रात को फायरिंग की आवाज सुनाई पड़ती थी जिसे सुनकर ही वह सहम जाती थीं। उम्मीद थी कि वह अपनी डिग्री खत्म करके ही लौटेंगे लेकिन ऐसा नहीं हुआ। वे कहते हैं कि वैसे तो हालात वहां पर फिलहाल सामान्य जैसे ही है लेकिन माहौल में तनाव जरूर है। और आने वाले दिनों में कभी भी युद्ध जैसी स्थिति बन सकती है।

Desk Team