यूक्रेन में भारतीय छात्रों के साथ मारपीट, Video शेयर कर बोले राहुल-हम अपनों को ऐसे नहीं छोड़ सकते

Summary :

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने इससे जुड़ा एक वीडियो शेयर करते हुए सरकार से भारतीय छात्रों को अपने देश वापस लाने को कहा।

यूक्रेन और रूस के बीच जारी युद्ध के दौरान यूक्रेन में फंसे भारतीय छात्रों के साथ मारपीट की खबर सामने आई है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने इससे जुड़ा एक वीडियो शेयर करते हुए सरकार से भारतीय छात्रों को अपने देश वापस लाने को कहा। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि हम अपनों को ऐसे नहीं छोड़ सकते।
राहुल गांधी ने ट्विटर पर वीडियो शेयर करते हुए लिखा, “इस तरह की हिंसा झेल रहे भारतीय छात्रों और इन वीडियो को देखने वाले उनके परिवार के प्रति मेरी संवेदना है। किसी भी अभिभावक को इससे नहीं गुजरना चाहिए।भारत सरकार को तत्काल इन्हें वहां से निकालने का विस्तृत प्लान फंसे हुए लोगों के साथ-साथ उनके परिवारों के साथ साझा करनी चाहिए। हम अपनों को ऐसे नहीं छोड़ सकते।”


बता दें कि यूक्रेन में रूस के हमले से पहले कई स्टूडेंट्स यूक्रेन से वापस भारत आ गए। लेकिन अब भी वहां कई स्टूडेंट्स फंसे हुए हैं और वह वापस आना चाहते हैं। सरकार उनतक पहुंचने की कोशिश कर रही है लेकिन बमबारी, रूसी गोलों की वजह से उनतक नहीं पहुंच पा रही है।

जानकारी के अनुसार, पोलैंड जा रहे भारतीय स्टूडेंट के एक ग्रुप पर हमला हुआ ये छात्र फतेहाबाद के रहने वाले हैं। खबरों के अनुसार मारपीट में एक छात्र का हाथ टूट गया है। पीएम मोदी से मदद की अपील करते हुए फतेहाबाद की छात्रा ने वीडियो जारी किया है। 
हमले का शिकार हुए भारतीय स्टूडेंट्स का कहना है कि हमला करने वाले यूक्रेनी सैनिक थे, भारत द्वारा यूक्रेन का युद्ध मे साथ नहीं देने पर ये सैनिक गुस्सा जाहिर कर रहे थे। यूक्रेन में रूस के हमले में यूक्रेन के 352 नागरिकों की मौत हो चुकी है, जिसमें 14 बच्चे शामिल हैं। वहीं 1,684 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं।

Desk Team