प्रधानमंत्री मोदी से यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने की बात, UNSC में मांगा भारत का समर्थन

Summary :

रूसी सैनिक यूक्रेन की धरती पर तबाही मचाते हुए लगातार आगे बढ़ रहे हैं। हालांकि यूक्रेनी सेना उन्हें किसी भी तरह रोकने की कोशिश कर रहे हैं..

रूसी सैनिक यूक्रेन की धरती पर तबाही मचाते हुए लगातार आगे बढ़ रहे हैं। हालांकि यूक्रेनी सेना उन्हें किसी भी तरह रोकने की कोशिश कर रहे हैं। इसी बीच  यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बात की है। उन्होंने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में राजनीतिक समर्थन मांगा है।  
जेलेंस्की का ट्वीट

जेलेंस्की ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘भारतीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ बात की। यूक्रेन द्वारा रूसी आक्रमण का मुकाबला करने की प्रक्रिया के बारे में बताया गया।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हमारी जमीन पर एक लाख से अधिक आक्रमणकारी हैं। वे आवासीय इमारतों पर अंधाधुंध गोलीबारी कर रहे हैं। भारत से संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में हमें राजनीतिक समर्थन देने का आग्रह किया गया। एक साथ मिलकर हमलावरों को रोकते हैं।’’
भारत ने यूक्रेन के खिलाफ रूस के ‘आक्रामक बर्ताव’ की ‘कड़े शब्दों में निंदा’ करने वाले संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रस्ताव पर हुए मतदान में हिस्सा नहीं लिया। सुरक्षा परिषद में यह प्रस्ताव अमेरिका की तरफ से पेश किया गया था। भारत ने युद्ध को तत्काल समाप्त करने की मांग करते हुए कहा है कि मतभेदों को दूर करने के लिए बातचीत ही एकमात्र रास्ता है।
रूस का दावा, यूक्रेन के 821 सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया
रूस की सेना ने कहा है कि उसने यूक्रेन के सैन्य ठिकानों पर क्रूज मिसाइलों से हमला किया है। रूसी रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता मेजर जनरल इगोर कोनाशेनकोव ने कहा कि सेना ने लंबी दूरी की कलिब्र क्रूज मिसाइलों से कई यूक्रेनी सैन्य प्रतिष्ठानों पर हमला किया। रूस के हमले की शुरुआत के बाद से सेना ने यूक्रेन के 821 सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया है, जिसमें 14 हवाई अड्डे और 19 सैन्य कमान केंद्र भी शामिल हैं। इसके साथ ही 24 वायु रक्षा मिसाइल प्रणाली, 48 रडार, सात युद्धक विमान, सात हेलीकॉप्टर, नौ ड्रोन, 87 टैंक और आठ सैन्य जहाजों को नष्ट कर दिया है।
कोनाशेनकोव ने यह नहीं बताया कि यूक्रेन के कितने सैनिक मारे गए और रूसी पक्ष में किसी के हताहत होने का भी उल्लेख नहीं किया। यूक्रेन ने भी दावा किया है कि उसकी सेना ने हजारों रूसी सैनिकों को मार डाला है। दोनों देशों में से किसी के दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो पाई है। कोनाशेनकोव ने दावा किया कि रूसी सेना ने अजोव सागर तट से लगभग 35 किलोमीटर दूर दक्षिणी शहर मेलितोपोल पर पूर्ण नियंत्रण कर लिया है और कहा कि रूस समर्थित अलगाववादियों ने डोनबास के पूर्वी क्षेत्र में महत्वपूर्ण बढ़त बना ली है।

Desk Team